‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ के बंद होने के बाद स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना ने एक बार फिर से दमदार वापसी की है। वह अपने नए शो ‘स्टिल अलाइव’ के साथ लौट आए हैं।
हालांकि, इस बार उन्होंने अपने तीखे और बेबाक ह्यूमर से कई मशहूर हस्तियों पर सीधा निशाना साधा है और अपने अंदर की पूरी भड़ास निकाली है। समय रैना के निशाने पर कौन-कौन सी हस्तियां आईं? आइए विस्तार से पढ़ते हैं:
रणवीर अलाहाबादिया पर कसा तंज
समय रैना ने अपने नए शो ‘स्टिल अलाइव’ में ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ को लेकर हुए पूरे विवाद पर खुलकर बात की। यूट्यूबर रणवीर अलाहाबादिया ( Ranveer Allahbadia) पर निशाना साधते हुए समय ने कहा, “एक क्लीन बंदा कभी इंटरनेट पर छवि खराब नहीं कर सकता।” उन्होंने अपने शरारत भरे अंदाज में रणवीर पर तंज कसते हुए कहा, “वह साधु जिसने मेरी फरारी बिकवा दी।” समय के मुताबिक, रणवीर अलाहाबादिया ने अपनी उस साफ-सुथरी इमेज को तोड़ दिया था, जो उन्होंने सालों से लोगों की नजरों में बनाई थी।
‘इंडिया में मिली आलोचना, पाकिस्तान से मिला प्यार’
समय रैना ने उस मुश्किल समय को भी याद किया जब ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ की कंट्रोवर्सी ने उन्हें अंदर तक तोड़ कर रख दिया था। समय ने कहा, “मैं इससे पूरी तरह से टूट गया था।” यूट्यूबर ने अपने डार्क फेज और निजी पहलू को शो के विवाद से जोड़ते हुए कहा, “हम कश्मीरी तो क्रॉस फायर में ही मरते हैं।”समय ने बातों ही बातों में यह भी खुलासा किया कि जहां उनके शो को इंडिया में भारी आलोचना मिल रही थी, वहीं पाकिस्तान की ऑडियंस से उन्हें जबरदस्त समर्थन मिला था।
हालांकि, समय ने ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ पर हुए विवाद को लेकर यह माना कि पांच घंटे के शो में से चार घंटे पूरी तरह से कंट्रोवर्शियल होते थे। उन्होंने कहा, “लोग शो में बहुत गंदी-गंदी बातें कह देते थे। मैं फिर भी सेफ खेल रहा था, क्योंकि मैं कैमरे के पीछे मेहमानों के साथ एक संतुलन बनाए रखता था।”
‘खुद अगले एपिसोड में आने वाले थे सुनील पाल’-समय रैना
जब इंडियाज गॉट लैटेंट का विवाद गरमाया था, तो सुनील पाल ने समय रैना को काफी कुछ खरी खोटी सुनाई थी। इस मौके पर समय रैना कॉमेडियन सुनील पाल पर भी निशाना साधने से पीछे नहीं हटे। उन्होंने सुनील पाल का मजाक उड़ाते हुए कहा,
“सब आ गए थे खाने हमको… राजनेता, सितारे और सुनील पाल। उन्होंने मुझे कपिल शर्मा से कॉमेडी सीखने की सलाह दी थी, जो खुद अगले एपिसोड में आने वाले थे।”
समय रैना ने इस नए शो में जमकर उन सभी सितारों पर अपनी भड़ास निकाली, जो उनके विवाद में जबरन घुसकर लाइमलाइट बटोरने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने सुनील पाल और रणवीर के साथ-साथ सिंगर बी-प्राक और मुकेश खन्ना पर भी जमकर भड़ास निकाली।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal