Rajpal Yadav को कर्जे से मुक्त करवाने के लिए एकता कपूर ने उठाया बड़ा कदम

राजपाल यादव के लिए बीता महीना काफी मुश्किलों भरा रहा है। साल 2010 के 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस केस में 5 फरवरी 2026 को उन्होंने दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। हालांकि, 12 दिन जेल में बिताने के बाद उन्हें अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए कोर्ट ने अंतरिम जमानत दे दी थी।

राजपाल यादव की इस मुश्किल घड़ी में सलमान खान से लेकर सोनू सूद तक कई सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए थे। अब हाल ही में निर्माता एकता कपूर ने भी उन्हें एक बड़ी धनराशि ऑफर की है।

एकता कपूर ने राजपाल यादव को दिए इतने लाख रुपये
एकता कपूर, राजपाल यादव और वामिका गब्बी हाल ही में अक्षय कुमार के सोनी टीवी के रियलिटी शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ (Wheel of Fortune) में अपनी अपकमिंग हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान सभी ने मजेदार गेम्स खेले और एकता कपूर ने शो में जीती हुई अपनी पूरी की पूरी इनामी राशि राजपाल यादव को देने का फैसला किया।

समाचार एजेंसी आईएएनएस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एकता कपूर ने ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ में कई कठिन सवालों के जवाब देकर 1 लाख 66 हजार रुपये जीते थे और उन्होंने यह पूरी की पूरी धनराशि मशहूर कॉमेडियन और एक्टर राजपाल यादव को देने का ऐलान कर दिया।

दूसरी पार्टी राजपाल यादव को जेल भेजना चाहती थी
जिन्हें नहीं पता, उन्हें बता दें कि राजपाल यादव ने साल 2012 में रिलीज हुई अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ बनाने के लिए दिल्ली की ‘मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ फर्म से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। इस फिल्म के म्यूजिक लॉन्च पर दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन भी पहुंचे थे। राजपाल ने कोर्ट में यह दावा किया था कि दूसरी पार्टी को बदले में अपना पैसा वापस नहीं चाहिए था, उन्हें सिर्फ मुझे जेल भेजना था।

राजपाल यादव ने कोर्ट में अपनी बात रखते हुए यह भी कहा था कि जब वह जेल गए थे, तब उन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली थी। यह सारा विवाद तभी खत्म हो जाना चाहिए था, क्योंकि उन्होंने कानूनी तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा ली थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी फिल्म 22 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी, न कि 5 करोड़ में, इसलिए उन्हें 17 करोड़ का भारी नुकसान हुआ है। बता दें कि राजपाल यादव के वकील ने उनकी नियमित जमानत के लिए याचिका दायर की थी, हालांकि, कोर्ट ने उन्हें फिलहाल अंतरिम जमानत की ही मंजूरी दी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com