रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध लड़ रहे सैनिकों से शुक्रवार को कहा कि वह 2024 में होने जा रहे राष्ट्रपति चुनाव में फिर प्रत्याशी बनने जा रहे हैं। इसका अर्थ यही है कि केजीबी के पूर्व जासूस 2030 तक सत्ता में बने रहेंगे। बोरिस येलत्सिन से 1999 के आखिरी दिन सत्ता संभालने वाले पुतिन, जोसफ स्टालिन के बाद रूस के किसी अन्य शासक की तुलना में सबसे ज्यादा समय तक राष्ट्रपति रह चुके हैं। यहां तक कि पुतिन ने लियोनिद ब्रेझनेव के 18 वर्ष के कार्यकाल को भी पार कर लिया है।
पुतिन ने क्या कुछ कहा?
पुतिन ने यूक्रेन युद्ध के वीरों को रूस के सर्वोच्च सैन्य सम्मान ‘हीरो ऑफ रशिया गोल्ड स्टार’ से सम्मानित किया। इसके बाद स्पार्टा बटालियन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल अर्टोम झोगा ने पुतिन से फिर से राष्ट्रपति चुनाव में प्रत्याशी बनने को कहा। पुतिन ने अर्टोम के साथ ही सम्मानित हुए सैनिकों से कहा,
मैं यह नहीं छिपा सकता कि अलग-अलग समय पर मेरे भिन्न विचार रहे, लेकिन अब निर्णय लेने का समय आ गया है।
अर्टोम ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें खुशी है कि पुतिन ने उनका अनुरोध स्वीकार कर लिया है। पूरा रूस इस फैसले का समर्थन करेगा। पुतिन के लिए चुनाव एक औपचारिकता भर है। सरकारी मीडिया के समर्थन और प्रभावी विरोधी के अभाव में पुतिन का विजयी होना निश्चित है। विपक्षी नेता पुतिन को रूस के भ्रष्ट तानाशाह के रूप में देखते हैं।
पुतिन के समर्थकों का कहना है कि राष्ट्रपति को 80 फीसद से अधिक का समर्थन प्राप्त है। उनका कहना है कि पुतिन द्वारा की गई व्यवस्था से सोवियत पतन की अराजकता के दौरान रूस की खोई हुई शक्ति फिर से बहाल हो गई है।
रूसी मिसाइल से एक की मौत
रूसी लड़ाकू विमान ने यूक्रेन में शुक्रवार सुबह 19 लंबी दूरी की मिसाइलें दागीं जिससे एक नागरिक की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। दो घायल घर पर ही हैं, जबकि अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा,
मिसाइल हमले से एक औद्योगिक इकाई और बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है।
यह हमला पिछले कुछ सप्ताह के दौरान यूक्रेन की राजधानी समेत अन्य ठिकानों पर दागी गई मिसाइलों में पहला बड़ा हमला है। हाल के सप्ताह में रूस ने रात में होने वाले हमलों में मुख्य रूप से ड्रोन का उपयोग किया है। यूक्रेन के हवाई रक्षा सिस्टम ने कीव एवं दनिप्रोपेट्रोवस्क क्षेत्र के बाहर 14 मिसाइलों को मार गिराया।
 Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
 
		
 
 
						
 
						
 
						
 
						
 
						
