पीएम मोदी ने आगरा मेट्रो का शिलान्यास दिल्ली से रिमोट दबाकर किया। आगरा मेट्रो के शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा में पहुंचे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री हरदीप पूरी भी पहुंचे। योगी आदित्यनाथ ने मंच पर दीप प्रज्वलित किया और कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आगरा मेट्रो का ट्रायल दो साल में होना है। 2025-26 तक 30 किमी लंबे ट्रैक पर मेट्रो दौड़ने लगेगी। मेट्रो के शिलान्यास के लिए पीएसी मैदान में पंडाल बनाया गया है जहां लोग पहुंच गए हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐतिहासिक शहर आगरा को पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नया स्वरूप मेट्रो के रूप में प्राप्त हो रहा है। आगरावसियों के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी आज आगरा को पब्लिक ट्रांसपोर्ट के नए युग की ओर लेकर जाएंगे।
दुर्गा शंकर मिश्र, केन्द्रीय सचिव, शहरी विकास ने मंच से कहा कि 2022 में जब देश आजादी की 75वीं जयंती मना रहा होगा, तब देश में एक हजार किलोमीटर मेट्रो चल रही होगी। एक करोड़ लोग उसमे सफर कर रहे होंगे। 27 शहरों में मेट्रो का काम चल रहा है। दिल्ली से मेरठ के बीच रेपिड रेल का काम भी तेजी से चल रहा है।
आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहा कि आगरा में बैराज बनाया जाए, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बंगलुरू, कोलकाता से आगरा को फ्लाइट से जोड़ा जाए और आईटी पार्क बनाया जाए।
मंच से मेयर नवीन जैन ने कहा कि आगरा मेट्रो को जेवर एयरपोर्ट तक बढ़ाया जाए। पालीवाल पार्क को मैसूर पार्क जैसा बनाने के लिए एनओसी दिलाई जाए।
आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट में 8380 करोड़ रुपये लागत आएगी। 7.31 लाख यात्री प्रतिदिन सफर कर सकेंगे। आगरा मेट्रो की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। जो दिल्ली और नोएडा मेट्रो से अधिक है। मेट्रो के एक कोच की कीमत आठ करोड़ रुपए है। प्रत्येक ट्रेन में तीन-तीन कोच होंगे। सबसे ज्यादा 16 ट्रेनें कालिंदी विहार से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन तक कॉरिडोर पर चलेंगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal