पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में ठिठुरन

 पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ा दी है। घने कोहरे और शीतलहर का कहर जारी है। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

राष्ट्रीय राजधानी में भी सोमवार की सुबह सर्द हवाओं और घने कोहरे के कारण ठंड महसूस हुई। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत दिल्ली और पंजाब में घना कोहरा छाया रहेगा।

दिल्ली में सुबह के समय दिखा ठंड और घना कोहरा 

दिल्ली में लगातार बदलते मौसम का मिजाज देखा जा रहा है। रविवार को सुबह में ठंड और दोपहर के वक्त मौसम में थोड़ी गर्माहट रही। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को आकाश साफ रहेगा। सुबह में हल्का या मध्यम स्तर का कोहरा होगा। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके बाद दो दिन आकाश में आंशिक बादल छाए रहेंगे।

बिहार में नए वर्ष के दौरान होगा ठंड का एहसास 

वहीं बिहार के मौसम की बात करें तो पश्चिम बंगाल की खाड़ी में चक्रवातीय हवाओं का प्रवाह बने होने से इसका प्रभाव पटना समेत प्रदेश के मौसम पर पड़ा है। जहां, रविवार को राजधानी पटना व आसपास इलाकों में दिन में हल्के कोहरे का प्रभाव व धूप खिली होने के कारण आकाश साफ रहा। मौसम विज्ञानी आशीष कुमार ने बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में कोई विशेष परिवर्तन के आसार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि सुबह के समय कोहरे का प्रभाव रहेगा। हालांकि, धूप निकलने के बाद ठंड का प्रभाव कम रहेगा। ठंड का नए वर्ष में एहसास होगा।

पंजाब में कोहरे को लेकर ओरेंज अलर्ट जारी 

पंजाब लगातार कोहरे की मार झेल रहा है। पंजाब में सोमवार और मंगलवार को फिर से घनी धुंध को लेकर मौसम केंद्र चंडीगढ़ ने ओरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार लुधियाना, पटियाला, जालंधर, रोपड़, होशियारपुर, पठानकोट, मोगा, बठिंडा, अमृतसर व गुरदासपुर में सुबह नौ बजे तक धुंध की वजह से दृश्यता बहुत कम रहेगी।

हरियाणा में कोहरे की वजह से कम हुई विजिबिलिटी

हरियाणा में कड़ाके की ठंड ने ठिठुरन बढ़ा दी है। कोहरे के कारण सड़कों पर 10 मीटर से ज्यादा दिखाई नहीं दे रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) की तरफ से आधे हरियाणा में ऑरेंज अर्ल्‍ट जारी किया है। साथ ही कई जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना व्यक्त की है। दूसरी तरफ तापमान में ज्यादा उतार चढ़ाव नहीं रहा। राज्‍य में अधिकतम तापमान 23 और न्‍यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com