ODI WC 2027 के लिए वेस्टइंडीज को खेलना होगा क्वालिफायर

दो बार की विजेता वेस्टइंडीज को अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में जगह बनाने के लिए क्वालिफायर खेलना होगा। ऐसी स्थिति अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच खेली जा रही सीरीज के कारण बनी है। इस सीरीज के तीसरे मैच में अफगानिस्तान ने जीत हासिल करते हुए अपने टिकट पक्का किया और वेस्टइंडीज को बैकफुट पर धकेल दिया।

इस साल 30 सितंबर तक आईसीसी रैंकिंग में टॉप-8 में रहने वाली टीमें वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर जाएंगी। वहीं साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे को बतौर मेजबान सीधे क्वालिफिकेशन मिलेगा। बेलफास्ट में खेले गए तीसरे वनडे मैच में अफगानिस्तान ने आयरलैंड को हरा अपना रास्ता भी साफ कर लिया।

वेस्टइंडीज के सामने है मुश्किल

इस समय रैंकिंग में 10वें नंबर पर काबिज वेस्टइंडीज को 30 सितंबर की तारीख से पहले अभी भारत के खिलाफ दो वनडे मैच खेलने हैं और अगर वो ये दोनों मैच जीत भी जाती है तो भी वह क्वालिफिकेशन की रेस में नहीं आएगी। इसका मतलब है कि एक बार फिर उसे क्वालिफायर खेलना होगा। ये क्वालिफायर टूर्नामेंट अगले साल फरवरी में खेला जाएगा।

वेस्टइंडीज 2023 में वनडे वर्ल्ड कप में सीधी एंट्री नहीं ले पाई थी। तब भी उसे क्वालिफायर खेलना पड़ा था। इस टूर्नामेंट के सुपर-6 में विंडीज की टीम पांचवें नंबर पर रही थी और फिर वर्ल्ड कप की रेस से बाहर हो गई थी। ये पहली बार था जब इस टीम ने वनडे वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लिया था।

इस बार जो क्वालिफायर होगा उसकी विजेता टीम सीधे वर्ल्ड कप के दूसरे राउंड में एंट्री मारेगी। वहीं, उसके बाद की अगली तीन टीमें सुपर सीरीज खेलेंगी और जो जीतेगा वो 12वें नंबर की टीम के तौर पर एंट्री मारेगा।

इन टीमों ने किया क्वालिफाई

अभी तक कुल 10 टीमें क्वालिफाई कर चुकी हैं जबकि दो टीमों का तय होना बाकी है। जिन टीमों ने क्वालिफाई किया है वो साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे, भारत, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड, अफगानिस्तान और बांग्लादेश हैं।

फॉर्मेट में हुआ बदलाव

आईसीसी ने इस बार वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में बदलाव किया है। ये टूर्नामेंट 12 टीमों का होगा जिसमें से 11 टीमें क्वालिफिकेशन से तय होंगी। वहीं 12वें स्थान की टीम के लिए तीन टीमें भिडेंगी। जो टीम जीतेगी वो क्वालिफाई करेगी। सभी टीमों को छह-छह के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। हर ग्रुप की टॉप-3 टीमें अगले दौर के लिए क्वालिफाई करेंगी। इसके बाद दोनों ग्रुप में से जो टीम चौथे स्थान की सर्वश्रेष्ठ टीम होगी वो भी अगले दौर में आएगी जिसे सुपर-7 कहा जाएगा।

सुपर-7 में राउंड रोबिन आधार पर मैच होंगे। फिर जो टॉप-4 टीमें होंगी वो सेमीफाइनल खेलेंगी और सेमीफाइनल जीतने वाली टीमें फाइनल खेलेंगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com