चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान MS Dhoni ने आईपीएल 2020 के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। चेन्नई पहुंचने के बाद से MS Dhoni सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं।

होटल पहुंचने पर सिक्योरिटी गार्ड के साथ हाथ मिलाता हुआ उनका वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। पूर्व भारतीय कप्तान ने इस कदम के जरिए विनम्रता की मिसाल पेश की हैं।
जुलाई 2019 के बाद से क्रिकेट मैदान से दूरी बनाए रखने वाले धोनी ने अब आईपीएल के लिए मैदान पर वापसी कर दी है। उनके चेन्नई पहुंचने पर उनकी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स ने उनका वीडियो आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया था।
इस वीडियो में वे एयरपोर्ट से बाहर आते हुए नजर आ रहे हैं। इसके बाद उन्हें कार में से उतरकर होटल में प्रवेश करते हुए दिखाया गया है। इस दौरान जैसे ही सिक्योरिटी गार्ड उन्हें नमस्कार करता है, वैसे ही धोनी हंसते हुए उनसे हाथ मिलाते हैं। वे इसके बाद होटल में टीम के लिए मनोरंजन के लिए तैयार किए गए स्पेशल एरिया का अवलोकन करते हैं।
धोनी की चेन्नई में जबर्दस्त फैन फालोइंग हो चुकी हैं क्योंकि यलो ब्रिगेड को खतरनाक टीम के रूप में तैयार करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं।
अब टीम होटल के बाहर सिक्योरिटी गार्ड से हाथ मिलाकर उन्होंने लाखों फैंस का दिल जीत लिया है और उनके इस वीडियो को बेहद पसंद किया जा रहा है। धोनी ने सोमवार से टीम के साथ ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा लेना शुरू कर दिया। टीम ने उनका ट्रेनिंग सेशन का वीडियो भी पोस्ट किया था।
जुलाई 2019 में न्यूजीलैंड के हाथों वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में मिली हार के बाद से धोनी कोई मैच नहीं खेले हैं। वे इसके बाद दो महीने के ब्रेक पर चले गए थे। उन्होंने इस दौरान जम्मू कश्मीर में अपनी सेना की तरफ से 15 दिनों तक ड्यूटी भी की थी।
बीसीसीआई ने इसके बाद उन्हें केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची से बाहर किया था। फैंस को लग रहा था कि महेंद्रसिंह धोनी का इंटरनेशनल करियर खत्म हो गया है लेकिन बीसीसीआई ने साफ किया था कि केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची का राष्ट्रीय टीम के सिलेक्शन से कोई लेना देना नहीं है।
टीम इंडिया के चीफ कोच रवि शास्त्री ने भी कहा था कि आईपीएल 2020 में शानदार प्रदर्शन कर धोनी एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal