MP News तेज रफ्तार कार ने पड़ौरा पर एक वाहन सवार को टक्कर मार दी। चालक कार को पूरनखेड़ी टोल नाके पर ले गया। यहां गाड़ी रोकने का प्रयास करने पर बैरीकेड्स तोड़कर टोलकर्मी को रौंद दिया। दो टोलकर्मी बाल-बाल बच गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब इस वाहन की तलाश कर रही है। यह वाहन उत्तरप्रदेश का बताया जा रहा है।

टोल प्लाजा पहुंचने तक पुलिस को मिल चुकी थी दुर्घटना की जानकारी
घटना के अनुसार शुक्रवार शाम टक्कर मारने के बाद कार चालक जब तक पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पहुंचा तब तक पुलिस को एक्सीडेंट की जानकारी मिल चुकी थी। टोल पर तैनात कर्मचारियों को कोलारस पुलिस ने वाहन को रोकने के लिए जानकारी दी थी। कार चालक टोल पर पहुंचकर अपना टोल कटवा रहा था।
तेजी से टोल बैरियर तोड़कर कार को गुना की ओर ले जाने का किया था प्रयास
जैसे ही टोलकर्मियों ने यहां बैरिकेड्स लगाने शुरू किए। कार चालक मामला भांप गया। वह तेजी से टोल का बैरियर तोड़कर कार को गुना की ओर ले जाने लगा। एक टोलकर्मी हरवंश ने उसे रोकने की कोशिश की। कार चालक ने उसे टक्कर मार दी।
टोलकर्मी उछलता हुआ बोनट पर गिरा और चालक उस पर कार चढ़ाता हुआ निकल गया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टोलकर्मी हरवंश हवा में उछलता हुआ बोनट पर गिरा और चालक उस पर कार चढ़ाता हुआ निकल गया। उसके बाद कार को अन्य दो टोलकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार चालक नहीं रुका। यह दोनों कर्मचारी बाल-बाल बच गए। घायल हरवंश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal