फेमस टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति के 10वें सीजन को आज पहला करोड़पति उम्मीदवार मिलने जा रहा है। असम की बिनीता जैन एक करोड़ की राशि जीतकर मंगलवार को जैकपॉट सवाल खेलेंगी। हालांकि अभी यह मालूम नहीं है कि उन्होंने सात करोड़ के लिए पंद्रहवें सवाल का जवाब दिया है या नहीं। इसके लिए दर्शकों को दो अक्टूबर यानी आज प्रसारित होने वाले एपिसोड का इंतजार करना होगा।
असम के गुवाहाटी की रहने वाली बिनीता ने हॉट सीट पर बैठने के बाद शो के एंकर और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ अपने जीवन के दुखद पहलुओं को साझा किया। दो बच्चों की मां बिनीता ने बताया कि फरवरी साल 2013 में बिजनेस ट्रिप पर विदेश गए उनके पति आज तक घर नहीं लौट पाए हैं। बाद में पता चला कि उनके पति का आतंकियों ने अपहरण कर लिया था।
पति के साथ हुई घटना के बाद बिनीता बेहद टूट चुकी थी। लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए घर की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। पेशे से टीचर बिनीता ने छात्रों को ट्यूशन देना शुरू किया। सात छात्रों के साथ शुरुआत करने वाली बिनीता आज 125 छात्रों को अंग्रेजी और सामाजिक अध्ययन विषय पढ़ा रही हैं। कानूनी तौर पर बिनीता के पति को मृत घोषित कर दिया गया है, लेकिन बिनीता को उम्मीद है कि उनके पति आज भी जिंदा हैं। अमिताभ बच्चन भी उनकी दास्तां सुनकर काफी भावुक हुए और उन्होंने बिनीता के जज्बे की सराहना की।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal