थलापति विजय की आखिरी फिल्म जन नायकन (Jana Nayagan) रिलीज से पहले ही ऑनलाइन लीक हो गई है, जिसके खिलाफ कई सेलिब्रिटीज ने आवाज उठाई है। अब डायरेक्टर और द फिल्म एम्प्लॉय फेडरेशन ऑफ साउथ इंडिया के प्रेसिडेंट आरके सेल्वामणि (RK Selvamani) और अभिनेता आर माधवन ने रिएक्शन दिया है।
थलापति विजय की फिल्म बड़े पर्दे पर 9 जनवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर बोर्ड ने फिल्म को पास नहीं किया था जिसके बाद इसे पोस्टपोन कर दिया गया था। मगर अब फिल्म बड़े पर्दे पर आने से पहले ही लीक हो गई।
डायरेक्टर ने चुप्पी पर उठाए सवाल
हाल ही में आरके सेल्वामणि ने मीडिया के साथ बातचीत में फिल्म के ऑनलाइन लीक को एक बड़ी चोरी बताया है और लोगों की चुप्पी पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा, “यह भारत की सबसे बड़ी चोरी है, लेकिन हर कोई चुप बैठा है। अगर किसी बैंक से 500 करोड़ रुपये चोरी हो जाते तो पूरे देश में हंगामा मच जाता। फिर एक फिल्म के मामले में ऐसा क्यों नहीं हो रहा?”
जन नायकन के सुपरहिट होने की थी उम्मीद
सेल्वामणि ने आगे कहा, “यहां 500 करोड़ रुपये की संपत्ति चोरी हुई है और लाखों लोगों तक पहुंचा दी गई है। थिएटर मालिक चार महीनों से इस उम्मीद में इंतजार कर रहे थे कि यह फिल्म उन्हें बचा लेगी। ऐसे समय में जब इंडस्ट्री मुश्किल दौर से गुजर रही है, हमें उम्मीद थी कि यह फिल्म जबरदस्त कमाई करेगी लेकिन फिर ऐसा हो गया।”
आर माधवन का भी फूटा गुस्सा
हाल ही में सूर्या ने भी थलापति विजय का सपोर्ट करते हुए जन नायकन के लीक होने पर नाराजगी जताई थी। सूर्या के पोस्ट को रीशेयर करते हुए आर माधवन ने एक्स पर कहा, “मैं पूरी तरह सहमत हूं और यह बेहद दिल तोड़ने वाला और परेशान करने वाला है।”
माधवन ने आगे लिखा था, “लोग ऐसी हरकतें करके बच कैसे निकल जाते हैं? प्लीज इस फिल्म से जुड़े सभी लोगों की कड़ी मेहनत का सम्मान करें। प्लीज इसे पायरेटेड प्लेटफॉर्म पर देखने से बचें।”
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal