IPL 2026 में 19 साल का सूखा खत्म करने को बेताब कैपिटल्स की टीम

आईपीएल ट्रॉफी के 19 साल लंबे इंतजार को खत्म करने के इरादे से दिल्ली कैपिटल्स इस बार नए जोश और संतुलन के साथ मैदान में उतरने जा रही है। करीब दो दशक के इतिहास में टीम सिर्फ एक बार (2020) फाइनल तक पहुंच सकी है, लेकिन खिताब तब मुंबई ने उसे हराकर अपना पांचवां खिताब जीता था। आईपीएल 2026 के आगाज से पहले एक बार फिर यही सवाल उठ रहा है क्या इस बार दिल्ली अपनी किस्मत बदल पाएगी?

अगर मिनी नीलामी के बाद दिल्ली की टीम को देखें तो ये टीम पिछले साल से काफी दुरुस्त दिख रही है और खिताब जीतने का प्रबल दावेदार भी। दिल्ली की नाकामी की सबसे बड़ी वजह वर्षों तक टीम संयोजन में अस्थिरता रही। 2008 से 2018 के बीच टीम हर सीजन नए कप्तान, नए खिलाड़ियों और नई रणनीति के साथ उतरी, जिससे एक मजबूत कोर तैयार नहीं हो पाया हालांकि, अब टीम मैनेजमेंट ने स्थिरता पर जोर देते हुए संतुलित संयोजन तैयार किया है। बीते कुछ वर्षों ने अपने कोर को बरकरार रखा है और इस बार भी केएल राहुल, अक्षर पटेल, ट्रिस्टन स्टब्स, मिचेल स्टार्क जैसे सितारों को टीम के साथ बरकरार रखा है।

कप्तानी और दबाव का इम्तिहान

वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत जैसे दिग्गज कप्तानों के बावजूद टीम को लंबे समय तक स्थिर नेतृत्व नहीं मिल सका। 2020 में अय्यर की कप्तानी में टीम फाइनल तक पहुंची, लेकिन खिताब से चूक गई। बड़े मैचों में दबाव झेलना आज भी टीम के लिए चुनौती बना हुआ है।

पिछले सीजन में दिल्ली ने अक्षर की कप्तानी में अच्छी शुरुआत की और चार में चार मैच जीते, लेकिन उसके बाद टीम की लय लड़खड़ा गई और टीम पूरे सीजन एक अच्छी ओपनिंग जोड़ी की तलाश करती रही। लेकिन इस बार टीम ने इस कमी को दूर किया है और मिनी नीलामी में पाथुम निसांका, बेन डकेट और पृथ्वी शॉ को जोड़ा है, जो टीम को ओपनिंग में लचीलापन देता है। इसके साथ ही इस बार फिनिशर के रूप में डेविड मिलर जैसा मारक बल्लेबाज भी है।

गेंदबाजी में दिखेगा नया संतुलन

इस बार दिल्ली की गेंदबाजी पहले से ज्यादा मजबूत नजर आ रही है। मिचेल स्टार्क की मौजूदगी तेज आक्रमण को धार देगी। वहीं घरेलू क्रिकेट में प्रभावित करने वाले युवा तेज गेंदबाज आकिब नबी डार से भी टीम को उम्मीदें हैं। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और अक्षर पटेल की जोड़ी विपक्षी बल्लेबाजों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है। डेथ ओवरों में टी नटराजन फिट रहे, तो वह मैच जिताने वाले गेंदबाज साबित हो सकते हैं।

बल्लेबाजी में आक्रामकता का दम

2026 में दिल्ली की बल्लेबाजी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभर सकती है। केएल राहुल ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, जिन्होंने पिछले सीजन में 539 रन बनाए थे। उनके साथ पृथ्वी शॉ तेज शुरुआत देने में माहिर हैं। मध्यक्रम में नीतीश राण, डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स जैसे विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं, जबकि आशुतोष शर्मा फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स के पास इस बार अनुभव, युवा जोश और संतुलन का बेहतरीन मिश्रण है। अगर टीम नॉकआउट मुकाबलों में दबाव को संभालने में सफल रहती है, तो आईपीएल 2026 में दिल्ली का खिताबी सूखा खत्म होना तय माना जा रहा है।

पृथ्वी टीम के सर्वाधिक स्कोरर

वर्तमान स्क्वाड में पृथ्वी शॉ दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 79 मैचों में 1892 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने 53 मैचों में 62 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई है, जबकि अक्षर पटेल 94 मैचों में 67 विकेट और 1230 रन के साथ टीम के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर रहे हैं।

दिल्ली का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

2020 में दिल्ली की टीम उपविजेता रही थी 6 बार दिल्ली कैपटिल्स की टीम प्लेऑफ में पहुंची है 2 बार दिल्ली ने चैंपियंस लीग टी-20 के लिए क्वालीफाई किया है।

IPL 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स की टीम

अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल, पाथुम निसंका, बेन डकेट, पृथ्वी शॉ, नितीश राणा, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, अभिषेक पोरेल, करुण नायर, विप्रज निगम, कुलदीप यादव, मिचेल स्टार्क, लुंगी एनगिडी, आकिब नबी डार, साहिल पारेख, काइल जैमीसन, त्रिपुराना विजय, टी नटराजन, समीर रिज्वी, माधव तिवारी, दुष्मंथा चमीरा, आशुतोष शर्मा, अजय मंडल।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com