विश्व विजेता बनकर नए कप्तान की अगुआई में आयरलैंड पहुंची भारतीय टीम का बेलफास्ट में जुलूस निकल चुका है। साल 2021 में राजस्थान का टोंक छोड़ आयरलैंड गए भारतीय पासपोर्ट धारक जय मूंदड़ा की अगुआई में आयरलैंड के गेंदबाजों ने पूरी दुनिया में सर्वश्रेष्ठ मानी जाने वाली भारतीय बल्लेबाजी को जमीन पर पटककर कुश्ती के अंदाज में चित कर दिया।
गौतम गंभीर की कोचिंग वाला मौजूदा दल आयरलैंड के खिलाफ कोई सीरीज हारने वाला पहला दल बन गया है। लगातार 16 द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में अपराजेय रही भारतीय टीम दो मैच की सीरीज के दोनों ही मुकाबले हारी। दोनों ही मैच में टीम ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी ली और दोनों ही बार लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रही।
बल्लेबाजी को अपनी शान बताते नहीं थकने वाली ये टीम घर की सड़कनुमा पिचों के नहीं मिलने के कारण बल्ला पकड़ना ही भूल गई। संजू सैमसन दोनों मैचों में पहली ही गेंद पर उन जय मूंदड़ा का शिकार बने, जिन्होंने कुछ बरस पहले तक क्रिकेट खेलने का सपना भी नहीं देखा था।
तारीफ करनी होगी मूंदड़ा की, जिन्होंने जमे-जमाए करियर को छोड़ क्रिकेट खेलना चुना और बचपन से भारतीय जर्सी पहनने के ख्वाब सजाने वाले, अपने से कई गुना बेहतर सुविधाओं और अनुभव वाले भारतीय बल्लेबाजों का गुरूर तोड़ डाला। श्रेयस अय्यर की कप्तानी की शुरुआत आयरलैंड के खिलाफ सीरीज हार से हुई है।
इंडिया ने 1050 दिन बाद गंवाई टी20I सीरीज
भारत ने 48 रन पर आयरलैंड के तीन विकेट गिरा दिए लेकिन यहां से हैरी टेक्टर और बेन कैलित्ज ने मिलकर टीम को 113 तक पहुंचा दिया। आयरलैंड ने 154 रन बनाए। पदार्पण कर रहे प्रिंस यादव ने तीन विकेट लिए। संजू और अभिषेक का खाता नहीं खुला, इशान 12 तो श्रेयस 10 रन बना पाए। तिलक वर्मा ने 46 गेंदें खेलने के बाद 55 रन का योगदान दिया।
लगभग आठ ओवर अकेले खेले तिलक सिर्फ तीन चौके और एक छक्का लगा पाए। भला हो हर्षित राणा का जिन्होंने अंत में 10 गेंदों पर 21 रन बना डाले नहीं तो भारत और बड़े अंतर से हारता। पदार्पण करने वाले सूर्यांश भी कुछ खास नहीं कर पाए।
वैभव को इस मैच में भी मौका नहीं मिला। जय मूंदड़ा और मैथ्यू होलार्ड ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए। ऐसे में एक नजर डालते हैं 10 शर्मनाक रिकॉर्ड पर जो, इंडिया टीम ने आयरलैंड से टी20आई सीरीज गंवाने के साथ अपने नाम दर्ज कराए।
आयरलैंड से सीरीज हारने से पहले भारत टी20 क्रिकेट में आखिरी बार लगातार दो मैच अगस्त 2023 में हारा था। उस वक्त भारत को ये हार वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली थी।
श्रेयस अय्यर टी20आई में ऋषभ पंत के बाद दूसरे भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने अपने पहले दो मैच बतौर कप्तान हारे हैं।
आयरलैंड की टीम आईसीसी टी20 रैंकिंग में टॉप-10 में भी नहीं है, तब भी उन्होंने लगातार टी20 विश्व कप खिताब जीतने वाली टीम इंडिया को सीरीज हराई है। भारत आईसीसी टी20 रैंकिंग में पहले पायदान पर है, जबकि उनके दो बैटर टी20 रैंकिंग में पहले और दूसरे पायदान पर है। वहीं, आयरलैंड का कोई बैटर टॉप 50 में भी नहीं है।
तिलक वर्मा ने आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में 46 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। ये किसी भारतीय बैटर द्वारा लगाया गया छठा सबसे धीमा अर्धशतक है। केएल राहुल के नाम सबसे धीमे अर्धशतक का रिकॉर्ड है, जो उन्होंने 56 गेंद पर साल 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगाया था।
अभिषेक शर्मा 2026 में 9वीं बार 0 पर आउट हुए और इस तरह उनके नाम शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ा। वह एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा बार टी20 में शून्य पर आउट होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में संयुक्त रूप से पहले पायदान पर पहुंच गए हैं। राशिद खान 2019 और शादाब खान 2024 में इतनी बार 0 पर आउट हुए थे।
7 साल बाद कोई टीम टी20 सीरीज में भारत का सूपड़ा साफ कर पाई है। कम से कम दो मैच की सीरीज में भारत आखिरी बार 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ व्हाइट व़ॉश हुआ था। वहीं टी20 क्रिकेट में यह कुल चौथा मौका है, जब टीम इंडिया क्लीन स्वीप हुई हो।
इस दशक में भारत कुल तीसरी ही टी20 सीरीज हारा है। श्रेयस की कप्तानी से पहले हार्दिक पांड्या की कप्तानी में 2023 में और शिखर धवन की अगुवाई में 2021 में ऐसा हुआ था।
श्रेयस अय्यर 2026 में ऐसे तीसरे भारतीय कप्तान बने, जिसने टी20 सीरीज में कम से कम एक भी मैच नहीं जीता। उनसे पहले एमएस धोनी (2009 और 2015) और विराट कोहली (2019) में ये शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
श्रेयस की अगुवाई में भारत का लगातार 16 टी20 सीरीज जीतने का सिलसिला खत्म हुआ। यह किसी भी फुल मेंबर टीम द्वारा लगातार जीती गई सबसे ज्यादा सीरीज है। पाकिस्तान 11 सीरीज के साथ दूसरे स्थान पर है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal