HAU के VC के समर्थन में आई हरियाणा कंबोज सभा

हिसार की हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (HAU) में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन को यमुनानगर में कंबोज समाज के प्रतिनिधियों ने गलत ठहराया है। हरियाणा कंबोज सभा के प्रदेश अध्यक्ष और शहीद उधम सिंह कंबोज इंटरनेशनल महासभा सुनाम के महासचिव जसमेर सिंह कंबोज ने यमुनानगर में आयोजित सभा की एक बैठक में बोलते हुए कहा कि डॉ बीआर कंबोज एक सुलझे हुए व्यक्ति हैं, उन्हें कुलपति पद से हटाया जाना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जसमेर सिंह कंबोज ने कहा की कुछ राजनीतिक दल अपनी रोटियां सेंकना चाहते हैं, इसे जातिवाद का मुद्दा बनाना चाहते हैं।

जसमेर सिंह कंबोज ने कहा कि विश्वविद्यालय में स्टाइपेंड का जो मामला था वह सरकार और कुलपति द्वारा मान लिया गया है। इसके अलावा जो भी समस्या थी वह खत्म हो चुकी है। लेकिन इसके बावजूद राजनीतिक दल बच्चों को जबरदस्ती आगे करके प्रदर्शन करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर डॉक्टर बीआर कंबोज के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई या उन्हें हटाया गया तो यह कंबोज सभा किसी भी हद तक प्रदर्शन व संघर्ष करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी से अपील की कि मामले की स्वयं जांच करवाकर छात्रों का भविष्य खराब होने से बचाऐं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com