अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण की जोड़ी जल्द ही बिग स्क्रीन पर धमाल करती दिखाई देगी। दोनों एटली की फिल्म में पहली बार साथ काम कर रहे हैं। 30 से 40 परसेंट शूटिंग के बाद अब इसका आगे का शेड्यूल कहां शूट होगा, इसकी डिटेल्स सामने आ चुकी है।
दीपिका पादुकोण के हाथ से ‘स्पिरिट’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में काम करने का मौका भले ही निकल चुका हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने से वे पीछे नहीं हटने वाली हैं।
पहली बार पर्दे पर उनकी जोड़ी ‘पुष्पा 2’ के एक्टर अल्लू अर्जुन के साथ बनने वाली है। वे ‘जवान’ फेम डायरेक्टर एटली की अगली फिल्म ‘AA22xA6’ का हिस्सा हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो एटली अपनी इस फिल्म की 30 से 40 प्रतिशत शूटिंग पूरी कर चुके हैं और अब वह एक्शन ड्रामे की तरफ बढ़ रहे हैं, जिसकी शूटिंग के लिए उन्होंने लोकेशन फाइनलाइज किया है
इस लोकेशन पर शूट होंगे गाने और एक्शन सीक्वेंस
मुंबई मनोरंजन संवाददाता की खबर के मुताबिक, ‘AA22xA6’ की शूटिंग निर्देशक एटली ने पिछले साल ही शुरू कर दी थी। कई लोकेशंस पर फिल्म शूट करने के बाद, अब बारी मुंबई में एक्शन सीक्वेंस शूट करने की है। सिनेमाई गलियारों की रिपोर्ट्स के अनुसार, एटली और अल्लू अर्जुन इस फिल्म का अगला शेड्यूल मुंबई के एक स्टूडियो में शूट करेंगे।
इस शेड्यूल में कुछ भव्य एक्शन दृश्यों के साथ फिल्म के एक गाने के महत्वपूर्ण हिस्से भी शूट किए जाएंगे। फिलहाल शूटिंग की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस शेड्यूल में अल्लू अर्जुन के साथ-साथ अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के भी कुछ सीन फिल्माए जाएंगे। पिछले साल घोषित हुई अल्लू अर्जुन की इस फिल्म का नाम अभी तय नहीं है, फिलहाल इसे ‘AA22xA6’ का अस्थायी शीर्षक दिया गया है।
दीपिका पादुकोण का कुछ ऐसा है रोल
रिपोर्ट्स के अनुसार, दीपिका पादुकोण ने अपने हिस्से की शूटिंग नवंबर 2025 में ही शुरू कर दी थी। ऐसा दावा किया जा रहा है कि मूवी में उनका किरदार एक ‘वॉरियर क्वीन’ का है, जिसमें वे जबरदस्त एक्शन करती हुई दिखाई देंगी। बताया जा रहा है कि मेकर्स अप्रैल 2026 में अल्लू अर्जुन के बर्थडे पर इस फिल्म का ऑफिशियल टाइटल और फर्स्ट लुक रिलीज करने की प्लानिंग कर रहे हैं। हालांकि, फिल्म के मेकर्स की तरफ से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal