महादेव की एक जीत और स्वर्ग से काशी उतरे देवता…

वैदिक पंचांग के अनुसार, आज यानी 24 नवंबर को देव दीपावली का पर्व मनाया जा रहा है। इस शुभ अवसर पर काशी के घाटों पर बहुत ही खास रौनक देखने को मिलती है और घाटों पर लाखों मिट्टी के दीये जलाए जाते हैं।

देव दीपावली के दिन लोगों का उत्साह देखते ही बनता है। जब देशभर में कार्तिक मास की अमावस्या को दीवाली मनाई जाती है, तो वाराणसी में इसके ठीक 15 दिन बाद यानी कार्तिक पूर्णिमा के दिन देव दीपावली का पर्व मनाया जाता है, लेकिन क्या आप इसके पीछे के रहस्य के बारे में जानते हैं? अगर नहीं, तो आइए इस आर्टिकल में हम आपको इसके पीछे की वजह बताते हैं।

क्यों मनाई जाती है देव दीपावली?
पौराणिक कथा के अनुसार, प्राचीन समय में त्रिपुरासुर राक्षस ने तीनों लोकों में भारी आतंक मचा रखा था। उसने स्वर्ग समेत तीनों लोकों पर कब्ज़ा कर लिया था। इससे परेशान होकर देवी-देवता भगवान शिव की शरण में पहुंचे। तब भगवान शिव ने ‘त्रिपुरारी’ रूप धारण कर उसका वध किया और तीनों लोकों को उसके भय से मुक्त किया। इसके बाद सभी देवतागण राक्षस के अंत की खुशी और महादेव का आभार जताने के लिए काशी पहुंचे और गंगा तट पर लाखों दीये जलाकर उत्सव मनाया।

इसी दिन कार्तिक पूर्णिमा भी थी। तभी से इस दिन को ‘देव दीपावली’ के रूप में मनाया जाने लगा। इसलिए दीवाली के 15 दिन बाद काशी में देव दीवाली का पर्व बेहद उत्साह के साथ मनाया जाता है। त्रिपुरासुर राक्षस के वध का वर्णन शिव महापुराण की रुद्र संहिता के पंचम खंड में मिलता है।

देव दीपावली का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देव दीपावली भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर राक्षस के वध और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इस दिन स्वर्ग से देवी-देवता काशी में गंगा तट पर उतरते हैं। ऐसी मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान और दीपदान करने से भक्तों को सभी पापों से छुटकारा मिलता है और जीवन में आने वाले सभी दुख-दर्द दूर हो जाते हैं। इस दिन दान करने का विशेष महत्व है। मान्यता के अनुसार, दान करने से धन लाभ के योग बनते हैं और सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है।

किस दिन है देव दीपावली?
कार्तिक पूर्णिमा तिथि की शुरुआत: 23 नवंबर को रात 11 बजकर 42 मिनट पर
कार्तिक पूर्णिमा तिथि का समापन: 24 नवंबर को रात 08 बजकर 23 मिनट पर
वैदिक पंचांग के अनुसार, इस बार देव दीपावली का पर्व 24 नवंबर को मनाया जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com