कैंसर-रोधी प्रमुख दवाओं की एमआरपी सूची जारी, कीमतों में कोई बदलाव नहीं
नौ नवंबर, 2026 से लागू होने वाली गैर-अनुसूचित कैंसर-रोधी दवाओं की संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) सूची में कीमोथेरेपी और इम्यूनोथेरेपी सहित कैंसर की प्रमुख दवाओं की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इनमें फेफड़ों के कैंसर, स्तन कैंसर, ब्लड कैंसर और बोन मैरो से जुड़ी बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई पेटेंट दवाएं शामिल हैं।
एलेकेंसा ब्रांड नाम से बिकने वाली एलेक्टिनिब 150 मिलीग्राम की कीमत 4,30,696 रुपये बनी हुई है। इसी तरह, कीट्रूडा नाम से बिकने वाली इम्यूनोथेरेपी की दवा पेम्ब्रोलिजुमैब 100 मिलीग्राम की कीमत 2,16,500 रुपये पर कायम है।
टैग्रिसो नाम से बिकने वाली ओसिमर्टिनिब 80 मिलीग्राम की कीमत 1,38,830.83 रुपये बनी हुई है, जबकि फेस्गो नाम से बेची जाने वाली पर्टुजुमैब और ट्रैस्टुजुमैब 1200 मिलीग्राम की कीमत में भी बदलाव नहीं हुआ है। यह 4,93,266 रुपये है।
कैंसर के मरीजों के लिए ये दवाएं अहम हैं, क्योंकि इलाज में अक्सर कई चरण होते हैं, जिससे मरीजों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। इनमें से कुछ दवाएं कैप्सूल के रूप में उपलब्ध हैं, जबकि अन्य इंजेक्शन के रूप में दी जाने वाली बायोलाजिकल दवाएं हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal