स्कॉटलैंड में उतरी ‘उड़न तश्तरी’! लाखों पर्यटकों को आकर्षित करता है ये अनोखा होमस्टे

स्कॉटलैंड अपनी खूबसूरती के लिए जाना जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं यहां एक ऐसा होमस्टे भी है, जो किसी उड़न तश्तरी जैसा लगता है? जी हां, स्कॉटलैंड के खूबसूरत हाईलैंड्स में समुद्र के किनारे एक ऐसा घर बसा है, जो किसी यूएफओ यानी उड़न तश्तरी जैसा नजर आता है।

उड़न तश्तरी का नाम सुनकर आप सोच रहे होंगे कि क्या ये घर उड़ता भी है? तो आपको बता दें कि नहीं ये उड़ता तो नहीं है, लेकिन अपने अनोखे डिजाइन की वजह से पर्यटकों के बीच स्कॉटलैंड में ठहरने का एक बेहद मशहूर और पसंदीदा होमस्टे बन चुका है।

स्कॉटलैंड घूमने आने वाले कई पर्यटकों की बकेट लिस्ट में इस यूएफओ जैसे दिखने वाले होमस्टे में ठहरना भी शामिल होता है और यही वजह है कि हर साल इस होमस्टे की कमाई करोड़ों में होती है। हालांकि, अब इस अनोखे घर को बेचने का फैसला किया गया है। आइए जानें उड़न तश्तरी जैसे दिखने वाले इस घर के बारे में।

क्या है इस अनोखे होमस्टे की खासियत?
यूएफओ जैसे दिखने वाले इस दिलचस्प घर को साल 2016 में एक मजेदार एक्सपेरिमेंट के रूप में डिजाइन किया गया था। आर्किटेक्ट रॉड्रिक जेम्स और उनकी पत्नी अमांडा मार्कहम ने एल्युमिनियम और ड्रैगनफ्लाई जैसी खिड़कियों का इस्तेमाल करते एयरशिप 002 को तैयार किया था। एयरशिप के आकार का ये अनोखा घर देखने में काफी अलग और आकर्षक है, जो पर्यटकों की बड़ी संख्या को अपनी ओर खींचता है।

चार एकड़ में फैला है ये घर
ये अनोखा घर चार एकड़ में फैले एक बड़े परिसर का हिस्सा है। इस पूरे परिसर में ऐसे कुल तीन अनोखे होमस्टे बने हुए हैं, जो पर्यटकों के बीच काफी पसंद किए जाते हैं। समुद्र के पास बने होने के कारण उड़न तश्तरी जैसे दिखने वाले इन घरों से यहां का नजारा भी बहुत शानदार दिखता है।

करोड़ों में है कमाई
अपने अनोखे डिजाइन के कारण ये होमस्टे पर्यटकों के बीच काफी मशहूर है और इसी वजह से हर साल इसकी बंपर कमाई भी होती है। इन होमस्टे में सालाना एक लाख पाउंड यानी करीब 1.27 करोड़ रुपए की कमाई होती है। हालांकि, अब इस पूरी प्रॉपर्टी को 7.5 लाख पाउंड यानी लगभग 9.5 करोड़ की कीमत में बेचने की तैयारी हो रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com