अगर घर पर कुछ मीठा खाने का मन हो, लेकिन समझ न आए कि क्या बनाएं, तो ब्रेड मलाई रोल एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। ये डिजर्ट दिखने में काफी शाही लगता है और स्वाद में भी काफी लाजवाब होता है। ये मिठाई मुंह में जाते ही घुल जाती है और स्वाद से बिल्कुल ऐसी नहीं लगेगा कि आपने ये मिठाई घर पर बनाई है। आइए जानें घर पर स्वादिष्ट ब्रेड मलाई रोल बनाने की रेसिपी।
ब्रेड मलाई रोल बनाने के लिए सामग्री:
ब्रेड स्लाइस- 6 से 8
दूध- 1 लीटर
खोया- आधा कप
चीनी- आधा कप
ड्राई फ्रूट्स- बारीक कटे हुए 2 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर- आधा छोटा चम्मच
केसर के धागे- 8-10
ब्रेड मलाई रोल बनाने की विधि:
सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही में एक लीटर दूध डालकर गैस पर उबलने के लिए रख दें। जब दूध में उबाल आ जाए, तो गैस की आंच धीमी कर दें और बीच-बीच में चलाते हुए दूध को गाढ़ा होने दें।
जब दूध आधा रह जाए, तब इसमें चीनी, इलायची पाउडर और केसर के धागे मिलाएं।
इसके बाद कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिलाकर दूध को रबड़ी जैसा गाढ़ा होने तक पकाएं, फिर गैस बंद करके इसे ठंडा होने दें।
अब पैन में खोया लें और इसमें बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिलाकर एक गाढ़ा मिश्रण बना लें, जो ब्रेड के अंदर भरा जाएगा।
अब ताजा ब्रेड के स्लाइस लें और एक चाकू की मदद से उसके किनारों को चारों तरफ से काटकर अलग कर लें।
ब्रेड के सफेद हिस्से को चकले पर रखें और बेलन की मदद से उसे हल्का-हल्का बेल लें, ताकि वो चपटा हो जाए।
बेले हुए ब्रेड के बीच में खोया की स्टफिंग भरें और ब्रेड को रोल कर दें।
इसी तरह सभी ब्रेड स्लाइस में स्टफिंग भरकर रोल्स तैयार कर लें।
तैयार ब्रेड रोल्स को एक सर्विंग प्लेट में सजा लें और इसके ऊपर ठंडी की हुई रबड़ी डालकर ब्रेड को चारों तरफ से इसमें डुबो दें।
इसके ऊपर कटे हुए काजू, पिस्ता और केसर के धागों से गार्निश करें और सर्व करें।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal