बंगला साहिब में दिल्ली पुलिस के प्रवेश पर सियासत: सीएम मान का बीजेपी पर हमला

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस तालिबानी रवैये का परिचय देते हुए नंगे सिर और पैरों में जूते पहनकर गुरुद्वारा साहिब परिसर में दाखिल हुई। पुलिस की इस हरकत से गुरु घर की पवित्रता और मर्यादा तार-तार हुई है।

दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में पुलिस के कथित प्रवेश को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे गुरु घर की मर्यादा और सिख धार्मिक मान्यताओं पर सीधा हमला करार दिया है।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि इतिहास इस बात का गवाह है कि गुरु घर के दरवाजे जरूरतमंदों को शरण देने के लिए हमेशा खुले रहते हैं। बीते दिन जब देश के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे युवा वहां पहुंचे, तो गुरु घर के सिद्धांतों और परंपराओं के अनुसार सेवादारों ने उन्हें शरण दी।

दिल्ली पुलिस पर लगाए आरोप
भाजपा सरकार और दिल्ली पुलिस पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस तालिबानी रवैये का परिचय देते हुए नंगे सिर और पैरों में जूते पहनकर गुरुद्वारा साहिब परिसर में दाखिल हुई। पुलिस की इस हरकत से गुरु घर की पवित्रता और मर्यादा तार-तार हुई है। सिख कौम इस हरकत को कभी नहीं भूलेगी।

सीएम मान ने स्पष्ट कहा कि भारतीय जनता पार्टी की शह पर की गई इस शर्मनाक हरकत के लिए सिख समाज और पूरी कौम उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com