एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट के गोल्ड मेडल मैच में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से धूल चटाई। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए फाइनल में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 211 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान टीम 192 रन ही बना सकी। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा (61) और तिलक वर्मा (51) ने अर्धशतक लगाया। गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर गदगद नजर आए।
श्रेयस अय्यर ने जीत के बाद कहा, “अगर मुझे एक शब्द चुनना हो, तो मैं ‘बेहद खुश’ कहूंगा क्योंकि जिस दिन से हम जापान पहुंचे, जोरदार बारिश हो रही थी और हम लगभग एक हफ्ते तक प्रैक्टिस नहीं कर पाए। लेकिन लड़कों ने जिस तरह खुद को तैयार किया और साथ-साथ ट्रेनिंग भी जारी रखी, हमने कोई शिकायत नहीं की, कोई बहाना नहीं बनाया। यह एक चैंपियन टीम की निशानी थी। आज का दिन उसी का नतीजा था।”
पाकिस्तान की बैटिंग के दौरान अपनी भावनाओं पर अय्यर ने कहा, “वे अच्छी तरह आगे बढ़ रहे थे और बीच में उन्हें मोमेंटम भी मिल गया था। मैं बस यह चाहता था कि मुझे जल्द से जल्द पांचवां बॉलर का ओवर मिल जाए, उसे खत्म करूं, फिर बुमराह और सुंदर जैसे मुख्य बॉलर भी थे, वे भी आना चाहते थे। तो मैंने असल में उनके ओवरों को अच्छी तरह मैनेज किया। मुझे ऐसा ही लगा। खासकर जब रन रेट 13 से 14 के आसपास हो, तो हम जानते हैं कि बल्लेबाज आक्रामक खेलेंगे और एक विकेट से मोमेंटम बदल जाएगा, हमारी तरफ आ जाएगा। तो वही हुआ। अयूब के विकेट ने मोमेंटम बदल दिया।”
आज की जीत में अलग-अलग खिलाड़ियों के योगदान पर भारतीय कप्तान ने कहा, “जब आप कोई फाइनल खेल रहे होते हैं, तो आप चाहते हैं कि हर खिलाड़ी आगे बढ़कर अच्छा प्रदर्शन करे, और आज हमने यही देखा। अभिषेक ने हमें अच्छी शुरुआत दी, फिर तिलक ने पारी को अच्छे से खत्म किया। बॉलिंग में वाशी ने जिम्मेदारी संभाली, अक्षर हमेशा की तरह अपने अंदाज में खेले और बुमराह के बारे में तो हम जानते ही हैं कि उनमें क्या काबिलियत है। यह सबकी मिली-जुली कोशिश थी। कुल मिलाकर मैं कहूंगा कि यह एक शानदार जीत थी।”
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal