उज्जैन के छत्री चौक स्थित ऐतिहासिक शाही मस्जिद में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मस्जिद की एक ऊंची मीनार का ऊपरी हिस्सा अचानक टूटकर सीधे मस्जिद की छत पर आ गिरा, जिससे छत और भवन के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा है। इस घटना के बाद उठी अफवाहों पर जिला प्रशासन ने विराम लगा दिया है। उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की भ्रामक खबरों पर विश्वास न करने की अपील की है।
कलेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क चौड़ीकरण कार्य के अंतर्गत छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का जो हिस्सा सड़क के दायरे में आ रहा था, उसे हटाने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी क्रम में इमारत के कुछ हिस्से में क्षति जरूर आई है। उन्होंने सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों पर चल रही दुर्घटना की खबरों का पूरी तरह खंडन किया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, न ही कोई व्यक्ति घायल हुआ है और न ही कोई कहीं फंसा हुआ है। दुर्घटना की तमाम खबरें पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मौके पर मुस्लिम समाज व अन्य समाजजन के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित हैं। प्रशासन सभी पक्षों और धर्मजनों के साथ सतत संवाद बनाए हुए है और आपसी सहमति व चर्चा के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने उपद्रवियों और भ्रामक जानकारी फैलाने वाले तत्वों को कड़ा संदेश दिया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी व्यक्ति या समूह द्वारा सोशल मीडिया या अन्य किसी माध्यम से अफवाह या भ्रामक खबरें फैलाने का प्रयास किया गया, तो उसके खिलाफ कानून के तहत कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर और पूरे शहर में स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अमला मुस्तैद है।
क्या था मामला?
दरअसल आज सवेरे मस्जिद की एक ऊंची मीनार का ऊपरी हिस्सा अचानक टूटकर सीधे मस्जिद की छत पर आ गिरा, जिससे छत और भवन के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन के अनुसार घटना के समय मौके पर कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते किसी भी प्रकार की जनहानि या चोट आने की सूचना नहीं है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal