उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मंगलवार को कमिश्नरी स्थित आयुक्त न्यायालय में नामांकन प्रक्रिया विधिवत शुरू हो गई। पहले दिन दोनों खंडों के लिए 15 दावेदारों ने नामांकन फार्म खरीदे, हालांकि किसी भी प्रत्याशी ने अपना पर्चा दाखिल नहीं किया।
नामांकन प्रक्रिया के प्रथम दिन रिटर्निंग ऑफिसर व आगरा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी मनीष बंसल और अपर आयुक्त राजेश कुमार की मौजूदगी में चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 7 पर्चे खरीदे गए, जिनमें भोज कुमार शर्मा, अंबेडकरी हसनू राम, दिलीप कुमार, राहुल पाराशर, चंद्र प्रकाश, मो. वसीम और शैलेंद्र मोहन मिश्रा शामिल हैं। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 8 नामांकन पत्र बिके, जिन्हें अम्बरीश पाल सिंह, अंबेडकरी हसनू राम, डॉ. रूमा कुमारी और मानवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य दावेदारों ने प्राप्त किया।
नामांकन की तैयारियों के साथ-साथ प्रशासन ने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया है। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 27 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 46 मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इसके बाद अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें बताया गया कि बिचपुरी और कटरा वजीर खां केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या अधिक होने के कारण वहीं एक-एक सहायक मतदेय स्थल (बूथ) बनाने का प्रस्ताव रखा गया है।
इसके अलावा, नगर निगम जूनियर हाईस्कूल वजीरपुरा का भवन जर्जर होने के कारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए पास स्थित सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज (वजीरपुरा रोड) में नया मतदान केंद्र स्थापित करने की प्रस्तावना दी गई है। आयोग के निर्देशानुसार पूरे परिसर में सुरक्षा और आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।
6 अक्तूबर तक नामांकन
मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने बताया कि नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्तूबर है। प्रत्याशी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं। सुरक्षा एवं आचार संहिता के मद्देनजर कोर्ट कक्ष में केवल प्रत्याशी और उनके प्रस्तावकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया के दौरान आम जनता को असुविधा से बचाने के लिए दोपहर तीन बजे तक मंडलायुक्त कार्यालय न आने की अपील की गई है। 7 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 9 अक्तूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्तूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। 27 अक्तूबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
शिक्षक के 51 हजार और स्नातक खंड के 1.80 लाख मतदाता
आगरा खंड शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 12 जिले आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, कासगंज, एटा, हाथरस, इटावा, औरैया, कन्नौज और फर्रुखाबाद शामिल हैं। सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू है। सभी जिलों के जिलाधिकारियों को सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) बनाया गया है। इन 12 जिलों में शिक्षक खंड के लगभग 51 हजार और स्नातक खंड के 1.80 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
हसनू राम ने नामांकन में पार किया 100 का आंकड़ा
राम नगर, नगला दुल्हे खां, खेरागढ़ तहसील क्षेत्र के रहने वाले हसनू राम ने नामांकन में 100 का आंकड़ा पार दिया है। उन्होंने खंड शिक्षक निर्वाचन के तहत 101वां और खंड स्नातक निर्वाचन के तहत 102वां नामांकन करने के लिए पर्चा खरीदा है। बता दें कि हसनू राम पार्षद से लेकर राष्ट्रपति निर्वाचन के लिए हर बार नामांकन करते हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal