दिल्ली-एनसीआर में आज दोपहर बाद अचानक से मौसम बदल गया। नोएडा में बादल छाने के बाद तेज हवा चलने लगी। जिसके बाद कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश को लेकर चेतावनी जारी की थी।
राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज बदला बदला नजर आ रहा है। दिल्ली में खासकर दक्षिण दिल्ली में अभी हल्की बारिश हुई है, उसके बाद जबरदस्त उमस हो गई है। इससे लोगों में बेचैनी देखी जा रही है। सुबह से ही कई इलाकों में आसमान में बादल देखे गए थे। दोपहर एक बजे के बाद अचानक से मौसम बदल गया और बारिश शुरू हो गई।
मौसम विभाग ने 11 से 16 सितंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में सितंबर के महीने में जहां एक ओर मौसम विभाग के पूर्वानुमानों में लगातार बारिश बताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर बीते दो दिनों में जून और जुलाई के महीने जैसी तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान कर दिया है।
हालांकि, अब भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और बढ़ते प्रदूषण स्तर पर भी रोक लगेगी। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 11 सितंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है।
12 सितंबर को तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिलेगी, जहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। इस दिन मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई गई है। 13 सितंबर को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। 14 सितंबर को तापमान 31 डिग्री और 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 15 सितंबर को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
16 सितंबर को सामान्यतः बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश होने के कारण एक्यूआई में भी सुधार देखने को मिल रहा है। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में प्रदूषण का स्तर मध्यम से खराब श्रेणी में बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, देश के कई हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय होने वाला है। मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट है, यूपी में भी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। राजस्थान में भी मौसम करवट लेने जा रहा है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal