टीम इंडिया से बाहर चल रहे ओपनर को मिली नई टीम

लंबे समय से भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल वापसी की कोशिश में हैं। हालांकि, उनकी वापसी अब मुश्किल दिख रही है, लेकिन मयंक हार नहीं मान रहे हैं। मयंक अब इंग्लैंड जाकर टीम इंडिया में वापसी की दावेदारी पेश करेंगे।

क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, मयंक इंग्लैंड की काउंटी डरहम के साथ जुड़ गए हैं और काउंटी चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। डरहम की टीम दूसरी डिविजन में शानदार खेल दिखा रही है। उसके हिस्से 10 मैचों में सात जीत और तीन ड्ऱॉ हैं। सीजन के अभी चार मैच बचे हैं और वह तीसरे स्थान पर काबिज नॉर्थैम्पटनशर को मात देकर प्रमोशन हासिल कर सकती है।

इस खिलाड़ी की जगह लेंगे मयंक

मयंक को डेविड बेडिंघम के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया है। साउथ अफ्रीका के ये बल्लेबाज ग्लोस्टशर के खिलाफ शतक बनाने में सफल रहा था। उस शतक के दम पर टीम ने 10 विकेट से जीत हासिल की थी। हालांकि, ये पहली बार नहीं है जब मयंक काउंटी चैंपियनशिप में खेलेंगे। इससे पहले वह 2025 सीजन में यॉर्कशर के लिए खेल चुके हैं। उस सीजन मयंक ने तीन मैच खेले थे।

ऐसा रहा है करियर

मयंक ने साल 2018 में भारत के लिए अपना डेब्यू किया था। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में मैदान पर उतरे थे। ये वही दौरा था जिसमें विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में टेस्ट सीरीज में मात दी थी। 2021 में जब भारत ने दोबारा ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में हराया तब भी मयंक टीम का हिस्सा थे। 2022 में श्रीलंका के खिलाफ बेंगलुरू में खेला गया टेस्ट मयंक का भारत के लिए आखिरी मैच है।

मयंक ने भारत के लिए 21 टेस्ट मैचों में 41.33 की औसत से 1488 रन बनाए हैं। उनके हिस्से चार शतक और छह अर्धशतक हैं। वह भारत के लिए पांच वनडे भी खेल चुके हैं जिनमें सिर्फ 86 रन ही बनाए हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com