अमेरिका में गुरुवार रात टेनेसी के जैक्सन में शराब की एक दुकान पर 56 साल के एक गुजराती व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि जब हमलावर ने गोली चलाई तो पीड़ित की 19 साल की बेटी उनके बगल में ही खड़ी थी। एक नकाबपोश पैसे लूटने के इरादे से दुकान में घुसा था।
जैक्सन पुलिस विभाग ने पीड़ित की पहचान सुरेश पटेल के तौर पर की है। उनकी हत्या रिजक्रेस्ट रोड पर हुई। पुलिस ने बताया कि एक हथियारबंद लुटेरा दुकान में घुसा और कैश की मांग की। संदिग्ध ने पैसे लिए और फिर दुकान के अंदर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें पटेल को गोली लग गई।
कैश मिलने के बाद की फायरिंग
मौके पर ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। यह घटना 20 अगस्त को रात करीब 9 बजे हुई। कैश मिलने के बाद उसने फायरिंग की और फिर सफेद सेडान कार में बैठकर भाग गया। जांचकर्ताओं ने बताया कि संदिग्ध एक अश्वेत पुरुष था जिसने ग्रे हुडी, जींस और काले रंग के वर्क-स्टाइल बूट पहने हुए थे।
70 साल का बुजुर्ग भी घायल
उसका चेहरा पेंटबॉल-स्टाइल मास्क से ढका हुआ था। पटेल मूल रूप से मेहसाणा जिले के कडी तालुका के अखज गांव के रहने वाले थे। स्थानीय खबरों के अनुसार, पटेल ने कुछ दिन पहले ही यह कारोबार संभाला था। इस गोलीबारी में एक अन्य कर्मचारी भी घायल हो गया। दुकान के अंदर मौजूद 70 साल के एक कर्मचारी गोलीबारी के दौरान गिर गए, जिससे उनकी कलाई की हड्डी टूट गई।
उस समय पटेल के साथ खड़ी उनकी बेटी को कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने शूटर की तलाश शुरू कर दी है और लोगों से ऐसी जानकारी मांगी है जिससे उसकी पहचान हो सके। माना जा रहा है कि संदिग्ध जिस गाड़ी से भागा, वह एक सफेद सेडान थी। यह हत्या अमेरिका में गुजरात मूल के स्टोर मालिकों और कर्मचारियों पर हुए हिंसक हमलों की कड़ी में सबसे ताजा घटना है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal