अमेरिका के अलास्का राज्य में पश्चिमी तट पर एक रिमोट मिलिट्री साइट के पास गुरुवार को एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि विमान घने कोहरे में दूसरी बार रनवे पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था।
नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) के अलास्का क्षेत्रीय प्रमुख क्लिंट जॉनसन ने बताया कि सेसना 441 (सेसना कॉन्क्वेस्ट) ट्विन-इंजन विमान के दोनों पायलट ग्रैवल एयरस्ट्रिप को देख नहीं पा रहे थे और सिर्फ इंस्ट्रूमेंट्स के सहारे उड़ान भर रहे थे।
कम दृश्यता के कारण नियमों के मुताबिक पहली लैंडिंग कोशिश रोकनी पड़ी। दूसरी कोशिश में विमान रनवे से करीब आधा किलोमीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
विमान में दो पायलट, अमेरिकी आर्मी कॉर्प्स ऑफ इंजीनियर्स के दो कर्मचारी और चार ठेकेदार सवार थे। यह चार्टर फ्लाइट सिक्योरिटी एविएशन द्वारा संचालित थी और एंकोरेज से रवाना हुई थी। क्रैश केप न्यूएनहैम लॉन्ग रेंज रडार साइट के पास हुआ, जो एंकोरेज से करीब 725 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।
मौसम में अचानक बदलाव आया। क्रैश से कुछ मिनट पहले दृश्यता करीब 16 किलोमीटर थी, लेकिन बाद में यह घटकर एक चौथाई मील से भी कम रह गई। रनवे तीन तरफ पहाड़ी इलाके से घिरा है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal