ज्योतिर्मठ की उर्गम घाटी में स्थित पांचवें केदार भगवान कल्पेश्वर महादेव मंदिर के पास बारिश से भारी भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन के बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पहाड़ी से आया भारी मलबा जमा हो गया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मंदिर क्षेत्र को काफी नुकसान पहुंचा है।
मलबा आने से मंदिर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई है। इसके चलते श्रद्धालु फिलहाल मंदिर में दर्शन के लिए नहीं पहुंच पा रहे हैं। मलबा हटाए जाने के बाद ही श्रद्धालुओं के मंदिर तक पहुंचने का रास्ता साफ हो सकेगा। बारिश के कारण क्षेत्र में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राज्य में दो राज्यमार्ग समेत 91 सड़कें बंद
राज्य में भूस्खलन समेत अन्य कारणों के चलते दो राज्यमार्ग समेत 91 सड़के बंद है। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से जारी बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा में पांच, बागेश्वर 12, चमोली 15 और चंपावत में एक मार्ग बंद है।
देहरादून सात, नैनीताल 12, पौड़ी पांच, पिथौरागढ़ 11, रुद्रप्रयाग सात, टिहरी और उत्तरकाशी में आठ-आठ मार्ग बंद है। वहीं, बारिश के चलते नदियों का जलस्तर भी बढ़ा है। उत्तरकाशी में सोमवार को दोपहर दो बजे नदी का जलस्तर खतरे के निशान 2.65 मीटर नीचे था।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal