सावन के तीसरे सोमवार को बाबा गरीबनाथ धाम में पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने का अनुमान है। पहलेजा घाट से 90 किलोमीटर की कांवर यात्रा कर भक्त मुजफ्फरपुर पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बैरिकेडिंग, ड्रॉप गेट और ठहराव स्थलों की व्यवस्था की है।
सावन माह के तीसरे सोमवार को लेकर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का मुजफ्फरपुर पहुंचना जारी है। सोमवार रात 12 बजे के बाद कांवरिया भक्त बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक शुरू करेंगे। पूरा कांवरिया पथ भगवा रंग से रंग गया है और जगह-जगह आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है।
श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए नंगे पांव पहलेजा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम की ओर पहुंच रहे हैं। बाबा गरीबनाथ धाम मंदिर प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, तीसरे सोमवार को पांच लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन और जलाभिषेक करेंगे। इसे लेकर पूरा पटना-मुजफ्फरपुर कांवरिया पथ भगवा रंग में सराबोर हो गया है। लाखों श्रद्धालुओं की लंबी कतारें बाबा गरीबनाथ धाम की ओर बढ़ रही हैं।
90 किलोमीटर की यात्रा कर बाबा के दरबार पहुंच रहे कांवरिये
गौरतलब है कि सारण जिले के पहलेजा घाट से करीब 90 किलोमीटर की कांवर यात्रा कर श्रद्धालु गंगाजल लेकर नंगे पांव बाबा गरीबनाथ धाम पहुंच रहे हैं। इस दौरान पूरा कांवरिया पथ हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज रहा है। श्रद्धालु अपने साथ गंगाजल, दूध, बेलपत्र, फूल और अन्य पूजन सामग्री लेकर बाबा गरीबनाथ मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं। तुर्की, माधौल, रामदयालु नगर सहित कुढ़नी क्षेत्र में भी बाबा के भक्तों की भारी भीड़ नजर आ रही है। पूरे रास्ते हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। डीएम कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं का सुरक्षित जलाभिषेक कराने के लिए विशेष तैयारी की गई है।
रामदयालु नगर से लेकर बाबा गरीबनाथ धाम तक अलग-अलग स्थानों पर ड्रॉप गेट और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिला स्कूल और आरडीएस कॉलेज परिसर में ठहराव स्थल बनाए गए हैं। यहां से श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर परिसर की ओर भेजा जाएगा।
एसएसपी ने कहा कि प्रशासन की तैयारी पूरी है और श्रद्धालुओं का सुचारु एवं सुरक्षित तरीके से जलाभिषेक कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि पूर्व के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार भीड़ प्रबंधन की विशेष तैयारी की गई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal