पंजाब में 80वां स्वतंत्रता दिवस का जश्न बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। राज्य स्तरीय समारोह फिरोजपुर में आयोजित किया गया। वहीं, जिला स्तर पर विभिन्न मंत्रियों और अधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। अमृतसर में मंत्री अमन अरोड़ा ने ध्वजारोहण किया।
अमृतसर में मंत्री अमन अरोड़ा ने किया ध्वजारोहण
अमृतसर के गुरु नानक स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह के दौरान उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा झंडा फहराने की रस्म अदा करने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने तिरंगा फहराने के लिए रस्सी खींची, झंडा ऊपर पहुंचकर डंडे में ही अटक गया। झंडा ऊपर पहुंचने के बाद खुल नहीं सका, जिसके चलते तिरंगा फहराने की रस्म बीच में ही रुक गई। कुछ समय तक झंडे को खोलने का प्रयास किया गया।
इस दौरान समारोह में मौजूद अधिकारी और अन्य लोग स्थिति को संभालने में जुटे रहे। झंडा न खुलने के कारण मौके पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बनी रही। जिसके बाद ऐसे ही कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। वहीं, समारोह में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न स्कूलों के छात्रों की ओर से सांस्कृतिक और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लुधियाना में वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने लहराया तिरंगा
लुधियाना के पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू) एथलेटिक ग्राउंड में मुख्य समारोह का आयोजन हुआ। वित्त एवं आबकारी मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सुबह करीब 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान की धुन गूंजी और मंत्री महोदय ने परेड का निरीक्षण किया।
अन्य जगहों पर भी हुआ ध्वजारोहण
बठिंडा में राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने शहीद भगत सिंह बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम में तिरंगा फहराया। मोगा में जिला उपायुक्त ने ध्वजारोहण की रस्म पूरी की।
सीएम भगवंत मान ने शहीदों को नमन किया
फिरोजपुर के हुसैनीवाला बॉर्डर स्थित राष्ट्रीय शहीदी स्मारक पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की समाधि पर फूल-मालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने फिरोजपुर के कैंटोनमेंट ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान तिरंगा फहराया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal