आज पूरा देश आजादी के जश्न में डूबा हुआ है। हर तरफ देशभक्ति के गीत और उत्साह नजर आ रहा है। 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ‘आज का दिन केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं है बल्कि असंख्य वीरों के अद्वितीय साहस, त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। इस पावन अवसर पर हम सभी स्वतंत्रता सेनानियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। जिनके संघर्ष ने भारत के लोकतंत्र को दृढ़ आधार प्रदान किया है। ये लहराता हुआ तिरंगा हमारे लिए केवल गौरवशाली अतीत का प्रतीक नहीं है बल्कि हमारे उज्ज्वल भविष्य का संकल्प भी है। स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं है बल्कि राष्ट्र निर्माण का सतत दायित्व भी है।’
दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, ‘सभी को स्वाधीनता दिवस की बहुत-बहुत बधाई। आज दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में मुख्यमंत्री ने दिल्ली की जनता को संबोधित किया है और अभी तक दिल्ली सरकार की जो उपलब्धियां रही हैं, उन पर भी चर्चा की है। आगे का रोडमैप भी उन्होंने दिल्ली की जनता के सामने रखा है।’
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल के बयान पर उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता नहीं कि आज के दिन अरविंद केजरीवाल की प्रासंगिकता कितनी बची हुई है खासतौर पर दिल्ली में। दिल्ली की जो युवा पीढ़ी है, सभी ने बोरिया-बिस्तर लपेट कर अरविंद केजरीवाल को दिल्ली से भगाया है, उन्हें वो याद रखना चाहिए।’
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में तिरंगा फहराया गया
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज पुलिस मुख्यालय दिल्ली में स्पेशल सीपी/पी एंड एफडी राजेश खुराना ने तिरंगा फहराया। पुलिस मुख्यालय के लॉन में एकत्र हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए खुराना ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं और बधाई दी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal