भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल के सामने एक समस्या खड़ी हो गई है। ये समस्या है शनिवार से गॉल इंटनेरनेशनल स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ शुरू रहे पहले टेस्ट मैच में दो खिलाड़ियों में से किसी एक को चुनने की। इन दो में एक तो गिल का बचपन का दोस्त है और दूसरा टीम इंडिया में उनका बेहद करीबी माने जाने वाला खिलाड़ी।
दरअसल, गॉल की स्पिन की मददगार पिच पर भारत सिर्फ दो तेज गेंदबाजों के साथ ही उतरेगी। ये तय है। इसमें से एक मोहम्मद सिराज होंगे ये भी तय है। अब पेंच फंस रहा है दूसरे तेज गेंदबाज को लेकर। इसके लिए लड़ाई है गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा के बीच।
मुश्किल है इम्तिहान
गुरनूर बचपन से गिल के साथ खेले हैं और प्रसिद्ध कृष्णा टीम इंडिया में गिल के करीब रहे हैं। दोनों की अपनी-अपनी विशेषताएं और योग्यताएं हैं। इसी को देखते हुए गिल कन्फ्यूज हो गए हैं। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने दूसरे तेज गेंदबाज के चयन को लेकर कहा, “गुरनूर बराड़ शानदार गेंदबाज हैं और वह पुरानी गेंद से भी उछाल हासिल कर सकते हैं, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा भी हाल के समय में अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं जो हमने वार्म-अप मैच में देखने को मिला। इसलिए ये मुश्किल फैसला है।”
तीन स्पिनरों के साथ जाना तय
इसी के साथ ये तय हो गया है कि भारत तीन स्पिनरों के साथ उतरेगा और ये तीन स्पिनर कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और मानव सुथार हैं। तीनों ही बाएं हाथ के स्पिनर हैं। ऐसे में ये थोड़ा अजीब हो सकता है, लेकिन गुरुवार को टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने तीनों को लेकर कहा था कि तीनों बेशक बाएं हाथ के स्पिनर हों, लेकिन तीनों की योग्यताएं और गेंदबाजी शैली अलग है जो टीम को मजबूत करेगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal