पश्चिम एशिया में सैन्य संघर्ष के बाद अमेरिका और ईरान के बीच अब स्ट्रेट आफ होर्मुज को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका का होर्मुज जलडमरूमध्य पर “पूर्ण नियंत्रण” है और वह इसे बनाए रखेगा।
ईरान ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा है कि वाशिंगटन गलत खुफिया आकलन के आधार पर खतरनाक कदम उठा सकता है।
एएनआइ के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ट्रंप के बयान पर पलटवार करते हुए एक्स पर लिखा कि “फर्जी खुफिया जानकारी फर्जी खबर से भी बदतर” हो सकती है।
उन्होंने अमेरिका को होर्मुज को लेकर गलत आकलन से बचने की चेतावनी दी। अराघची के मुताबिक, ईरान पर हमले से पहले भी अमेरिकी खुफिया आकलन में गलतियां हुई थीं और अब वही गलती होर्मुज को लेकर दोहराई जा रही है।
ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर कहा था कि होर्मुज पर अमेरिकी नौसेना की मौजूदगी एक ऐसी “स्टील की दीवार” है, जिसका ईरान मुकाबला नहीं कर सकता। उन्होंने ईरान पर केवल बयानबाजी करने का आरोप लगाया और कहा कि वह अब पश्चिम एशिया का “दबंग” नहीं रह गया है।
तेल 87 डालर के नीचे, मांग में कमजोरी का असर
इस बीच, कमजोर वैश्विक मांग और अमेरिका में कच्चे तेल के भंडार में तेज बढ़ोतरी के कारण गुरुवार को तेल की कीमतों में गिरावट आई।
रॉयटर के अनुसार, ब्रेंट क्रूड करीब 2.47 प्रतिशत गिरकर 86.78 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अमेरिकी डब्ल्यूटीआई 2.81 प्रतिशत गिरकर 80.93 डालर पर रहा। अमेरिकी कच्चे तेल के भंडार में 1.74 करोड़ बैरल की बढ़ोतरी हुई, जो जून के बाद सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़त बताई गई।
ओपेक ने भी 2026 के लिए वैश्विक तेल मांग में बढ़ोतरी का अनुमान घटाकर 5.8 लाख बैरल प्रतिदिन कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आइईए) ने इससे भी अधिक कमजोर मांग का अनुमान लगाया है।
हूती का सऊदी जहाज और सैन्य ठिकानों पर हमलों का दावा
एएनआई के अनुसार, यमन के हाउती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के खिलाफ नए हमलों का दावा किया है। हाउती के मुताबिक, लाल सागर में एक सैन्य परिवहन जहाज को निशाना बनाया गया और यमन में सऊदी समर्थित ठिकानों पर भी मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए।
संगठन ने मोचा इलाके और मारिब गवर्नरेट के तदाविन शिविर को निशाना बनाने का दावा किया है। साथ ही सऊदी अरब के जिजान स्थित आरामको रिफाइनरी पर दो ड्रोन हमले किए गए।
हाउती के दावों के मुताबिक, हमलों में दर्जनों लोगों की मौत हुई है, जिनमें सऊदी नागरिक भी शामिल हैं। हालांकि, इन दावों में बताए गए हताहतों के आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार से जुड़े प्रेसिडेंशियल लीडरशिप काउंसिल के प्रमुख राशद अल-अलीमी ने कहा है कि सरकार हाउती हमलों का जवाब देगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal