भुने चने, मखाना, उबला अंडा, सेब या अमरूद, ग्रीक योगर्ट, स्प्राउट्स चाट, वेजिटेबल्स सूप और बिना बटर का पॉपकॉर्न ऐसे स्नैक्स हैं, जो फाइबर व प्रोटीन से भरपूर होते हैं। ये पेट को देर तक भरा रखते हैं और वजन बढ़ने से भी बचाते हैं।
अक्सर ऐसा होता है कि हमने ठीक से खाना खाया होता है, फिर भी थोड़ी देर बाद ही कुछ खाने का मन करने लगता है। यह असली भूख नहीं, बल्कि गलत स्नैकिंग आदतों का असर होती है। अगर स्नैक्स सही चुने जाएं, तो न सिर्फ बार-बार भूख लगने की समस्या कम होती है, बल्कि वजन, पाचन और एनर्जी लेवल भी संतुलित रहता है।
कम कैलोरी लेकिन पोषक तत्वों से भरपूर स्नैक्स शरीर को जरूरी ताकत देते हैं और अनहेल्दी जंक फूड से बचाते हैं। आइए, इस आर्टिकल में जानते हैं ऐसे ही कुछ हेल्दी स्नैक्स के बारे में, जो लंबे समय तक आपको संतुष्ट रखेंगे।
भुने हुए चने
भुने चने प्रोटीन और फाइबर का अच्छा सोर्स होते हैं, जो ये धीरे-धीरे पचते हैं, जिससे पेट लंबे समय तक भरा महसूस करता है। ऑफिस या ट्रैवल के दौरान यह एक आसान और हेल्दी स्नैक है।
मखाना
मखाना कम कैलोरी होने के साथ-साथ कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। हल्का सा ड्राई रोस्ट करके खाने से यह क्रिस्पी और टेस्टी बन जाता है और वजन बढ़ने का डर भी नहीं रहता।
उबले अंडे
उबला अंडा हाई-प्रोटीन स्नैक है, जो मसल्स को मजबूत बनाता है और भूख को कंट्रोल करता है। खासकर वर्कआउट के बाद यह लंबे समय तक एनर्जी बनाए रखने में मदद करता है।
ताजे फल
सेब, अमरूद, पपीता जैसे फल फाइबर और पानी से भरपूर होते हैं। ये पेट साफ रखते हैं और नेचुरल मिठास की वजह से मीठा खाने की क्रेविंग को कम करते हैं।
ग्रीक योगर्ट
ग्रीक योगर्ट में प्रोटीन और प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो पाचन को बेहतर बनाते हैं। यह पेट को शांत रखता है और देर तक भूख महसूस नहीं होने देता।
स्प्राउट्स चाट
अंकुरित मूंग या चने से बनी स्प्राउट्स चाट विटामिन, मिनरल और फाइबर से भरपूर होती है। नींबू और हल्के मसालों के साथ यह स्नैक बेहद हल्का और पोषण से भरपूर बन जाता है।
वेजिटेबल्स सूप
घर पर बना वेजिटेबल या क्लियर सूप कम कैलोरी में पेट भरने वाला ऑप्शन है। इसमें मौजूद फाइबर और पानी भूख को कंट्रोल करते हैं और शरीर को हाइड्रेट भी रखते हैं।
बिना बटर का पॉपकॉर्न
एयर-पॉप्ड पॉपकॉर्न फाइबर से भरपूर होता है और इसमें कैलोरी भी कम होती है। यह स्नैक चबाने में समय लेता है, जिससे दिमाग को पेट भरने का संकेत जल्दी मिल जाता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal