कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में लुधियाना के गांव गुड़े की 25 वर्षीय रमनदीप कौर मान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा 7 अगस्त को अल्बर्टा के सिजार क्षेत्र में हाईवे-41 और हाईवे-13 के चौराहे पर हुआ।
रमनदीप कनाडा के कारागार एवं सुधार सेवा में सुधारक अधिकारी थीं। वह एक महिला कैदी को मिनीवैन से स्थानांतरित कर रही थीं तभी उनकी वैन की सीधी टक्कर एक हिनो बॉक्स ट्रक से हो गई। इस दुर्घटना में रमनदीप कौर, उनके सहकर्मी निकलास सरबन (57) और महिला कैदी किआरा मुसवा (24) की मौके पर मौत हो गई।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और कारागार एवं सुधार सेवा के आयुक्त तलाल दकालबब ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
विदेश में लगातार जा रही भारतीय छात्रों की जान
रमनदीप कौर की मौत ने एक बार फिर विदेश गए भारतीय युवाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारत सरकार द्वारा संसद में दी गई जानकारी के अनुसार (2018 से 2025 के दौरान) कनाडा में 17 भारतीय छात्रों की हिंसक वारदातों में मौत हुई, जो किसी भी अन्य देश की तुलना में सर्वाधिक है।
अप्रैल 2025: हैमिल्टन में बस स्टॉप पर क्रॉसफायर में 21 वर्षीय छात्रा हरसिमरत रंधावा की मौत हुई।
दिसंबर 2024: एडमिंटन में सुरक्षा गार्ड की नौकरी कर रहे 20 वर्षीय हर्षनदीप सिंह की गोली मारकर हत्या।
दिसंबर 2025: एडमिंटन में 20 वर्षीय रणवीर गिल और 26 वर्षीय गुरदीप सिंह की लक्षित हत्याएं
अप्रैल 2025: डेरा बस्सी की 21 वर्षीय छात्रा वंशिका संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं
गांव में पसरा मातम, शव लौटने की आस
रमनदीप की असामयिक मृत्यु की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव गुड़े पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिस बेटी की कामयाबी पर परिवार और गांव को गर्व था, उसकी ऐसी दुखद अंत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। अब पीड़ित परिवार और पूरा गांव नम आंखों से सरकार से रमनदीप की पार्थिव देह को जल्द से जल्द पंजाब लाने की गुहार लगा रहा है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal