सूर्यकुमार यादव द्वारा टी20 वर्ल्ड कप-2024 के फाइनल में अंतिम ओवर में पकड़ा गया डेविड मिलर का कैच हर किसी को याद होगा। उसी कैच ने भारत की झोली में वर्ल्ड कप डाल दिया था। कुछ ऐसा ही कैच या कहें उससे भी दो हाथ आगे का कैच द हंड्रेड में विल जैक्स ने पकड़ा है।
विल जैक्स द हंड्रेड में एमआई लंदन के लिए खेल रहे हैं। इस टीम का सामना गुरुवार को लंदन स्प्रिट से था। एमआई ने इस मैच में चार विकेट से जीत हासिल की।
विल जैक्स का हैरतअंगेज कैच
मैच में लंदन स्प्रिट ने पहले बल्लेबाजी की। टीम के ओपनर लुहान डी प्रीटोरियस ने शानदार बल्लेबाजी की और अर्धशतक जमाया, लेकिन वह विल जैक्स के शानदार कैच के कारण अपनी पारी को और बड़ी नहीं कर सके। 49वीं गेंद पर विल जैक्स ने उनका शानदार कैच लपका। नाथन सोवटर ने बाएं हाथ के बल्लेबाज लुहान को गेंद आगे फेंकी जिसे उन्होंने लॉन्ग ऑफ की तरफ हवा में मार दिया। गेंद छह रनों के लिए पहुंच ही गई थी तभी बीच में विल जैक्स आ गए।
विल जैक्स ने बाउंड्री के अंदर से जम्प मारते हुए गेंद को कैच किया और बाहर जाने से पहले गेंद को अंदर फेंक दिया। गेंद काफी दूर जा रही थी तभी विल जैक्स ने अपने आप को संभाला और बाउंड्री के अंदर आते हुए डाइव मार गेंद को लपक लिया। इस कैच को देख हर कोई हैरान रह गया। सोशल मीडिया पर ये कैच चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी के साथ लुहान की पारी का अंत हो गया। उन्होंने 28 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 52 रन बनाए।
सूर्यकुमार ने किया कमेंट
इस कैच को द हंड्रेड ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है और सूर्यकुमार ने इस पर कमेंट भी किया है। उन्होंने कमेंट करते हुए लिखा, ओहह व्बॉय।”
इस कैच को देख निश्चित तौर पर सूर्यकुमार को अपने फाइनल वाले कैच की याद आई होगी जब उन्होंने गेंद को बाउंड्री के बाहर जाने से पहले पकड़ा था और फिर हवा में उछाल दिया था। फिर बाउंड्री के अंदर आकर कैच लपका था। सूर्यकुमार का ये कैच भारत को मैच जिताने वाले साबित हुआ था।
जहां तक द हंड्रेड के मैच की बात है तो पहले बल्लेबाजी करते हुए लंदन स्प्रिंट ने पांच विकेट खोकर 160 रन बनाए। एमआई लंदन ने छह विकेट खोकर 94 गेंदों पर टारगेट हासिल कर लिया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal