पाकिस्तान क्रिकेट टीम में कब क्या हो जाए किसी को नहीं पता। एक दिन इस टीम का प्रदर्शन अर्श पर होता है तो अगले दिन फर्श पर। वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में कुछ ऐसा ही दिखा। पहले टेस्ट मैच में बुरी तरह फेल होने वाली पाकिस्तानी टीम की बल्लेबाजी इस मैच की पहली पारी में चल निकली और इसकी अगुआई की 10 महीने बाद टीम में लौटे अब्दुल्ला शफीक ने।
शफीक को 10 महीने बाद पाकिस्तान की प्लेइंग-11 में जगह मिली। इससे पहले उन्होंने अक्टूबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ रावलपिंडी में टेस्ट मैच खेला था। उस मैच की पहली पारी में उन्होंने अर्धशतक जमाया तो वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरी पारी में शतक ठोक दिया।
पाकिस्तान को किया मजबूत
वेस्टइंडीज ने इस मैच की पहली पारी खेली और बोर्ड पर 344 रनों का स्कोर टांग दिया। पाकिस्तान के बल्लेबाज जिस तरह से पहले टेस्ट मैच में फेल रहे थे उसे देख ये स्कोर मेहमान टीम के लिए काफी लग रहा था, लेकिन इस टीम के साथ कभी भी कुछ भी हो सकता है। तो हुआ भी यही। क्वींस पार्क ओवल की पिच पर पाकिस्तान के बल्लेबाजी चल निकली। हालांकि, उसने अपना पहला विकेट 34 रनों के स्कोर पर खो दिया था। इमाम उल हक 14 रन बनाकर आउट हो गए थे।
फिर विकेट पर आए शफीक। उन्होंने अजान अवैस के साथ साझेदारी की। अजान अपना अर्धशतक पूरा कर चुके थे, लेकिन इसके बाद ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए। उन्होंने 71 गेंदों पर 10 चौकों की मदद 55 रन बनाए। शफीक को फिर कप्तान बाबर आजम का साथ मिला और दोनों ने मिलकर अपनी टीम को मजबूत कर दिया। दिन का अंत होते-होते पाकिस्तान ने दो विकेट खोकर 266 रन बना लिए हैं और वह वेस्टइंडीज से 78 रन पीछे है।
शफीक का छठा टेस्ट शतक
शफीक 185 गेंदों पर 10 चौके और दो छक्कों की मदद से 107 रन बनाकर नाबाद हैं। कप्तान बाबर के बल्ले से 126 गेंदों पर 10 चौके और एक छक्के की मदद से 86 रन निकल चुके हैं। वह भी शतक के करीब हैं और तीसरे दिन इस मुकाम को हासिल करने की कोशिश करेंगे। ये शफीक के टेस्ट करियर का छठा टेस्ट शतक है। इस मैच में उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की जो आमतौर पर उनका नंबर नहीं है।
विंडीज कप्तान का कमाल
इससे पहले, मेजबान वेस्टइंडीज ने दिन का आगाज दो विकेट के नुकसान पर 266 रनों के साथ किया था। जस्टिन ग्रीव्स अपने खाते में नौ रन ही जोड़ सके और अली उस्मान का शिकार हो गए। हालांकि, उनके साथ दिन की शुरुआत करने वाले कप्तान रोस्टन चेज ने एक छोर पकड़े रखा, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। केमार रोच ने 19 रन बनाकर उनका साथ देने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं सके।
चेज 126 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 70 रन बनाने में सफल रहे। उनके रूप में वेस्टइंडीज ने अपना नौवां विकेट खोया। उबैद शाह ने उन्हें बोल्ड किया। साजिद खान ने जेडन सील्स (8) को आउट कर वेस्टइंडीज की पारी का अंत कर दिया।
पाकिस्तान के लिए साजिद खान ने चार विकेट लिए। मोहम्मद अली, उबैद शाह, अली उस्मान के हिस्से दो-दो विकेट आए।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal