यूएई में हो सकता है महिला एशिया कप का आयोजन

भारत और पाकिस्तान के बीच जब से संबंध बिगड़े हैं तब से इस बात पर नजरें हमेशा रहती हैं कि एशिया कप का आयोजन कहां होगा। इसका कारण है कि दोनों ही टीमें एक-दूसरे के देश नहीं जातीं। इस साल महिला एशिया कप का भी आयोजन होना है और यहां भी नजरें इस बात पर हैं कि ये टूर्नामेंट कहां खेला जाएगा।

वेबसाइट क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला एशिया कप का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होगा। ये टूर्नामेंट 28 से 13 सितंबर के बीच खेला जाएगा। हालांकि, आठ टीमों के इस टूर्नामेंट को लेकर एशियन क्रिकेट काउंसिल ने अभी तक कोई आधिकारिक एलान नहीं किया है।

इस बात का है इंतजार

एसीसी ने अभी तक शेड्यूल, तारीखें और वेन्यू को लेकर कोई एलान नहीं किया है क्योंकि वह अपने शीर्ष नेतृत्व के फैसले का इंतजार कर रही है। एसीसी के चेयरमैन इस समय पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी हैं। इस टू्र्नामेंट में मौजूदा विजेता श्रीलंका, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, मलेशिया, थाईलैंड और मेजबान यूएई की टीमें हिस्सा लेंगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, 22 जुलाई को सभी टीमों को किए गए ईमेल में टूर्नामेंट का लोगो शेयर किया गया है। साथ ही एसीसी ने बताया है कि इस समय वेन्यू तय किए जा रहे हैं, लेकिन वह टीमों के 27 अगस्त तक पहुंचने की उम्मीद करता है। हिस्सा लेने वाली टीमों को अंतिम शेड्यूल का इंतजार है ताकि वह उसके हिसाब से अपने यातायात और बाकी इंतजामात कर सकें।

एशियन गेम्स से होगा टकराव

अगर रिपोर्ट में जो तारीखें बताई गई हैं वही रहती हैं तो भारतीय टीम को थोड़ी परेशानी हो सकती है क्योंकि 17 सितंबर से उसे एशियन गेम्स में भी हिस्सा लेना है। 13 सितंबर तक अगर एशिया कप चलता है और भारतीय टीम फाइनल में जाती है तो कुछ ही दिन बाद उसे एशियन गेम्स के लिए भी जाना होगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com