मुंबई से कनाडा के लिए नान स्टॉप उड़ान शुरू करेगी एअर इंडिया

 एअर इंडिया ने भारत और कनाडा के बीच अपनी सेवाओं का विस्तार करते हुए दिल्ली-टोरंटो मार्ग पर नया बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान तैनात करने की घोषणा की है।

एयरलाइन ने बताया कि 2026-27 के शीतकालीन शेड्यूल के तहत इस विस्तार से दोनों देशों के बीच हर महीने करीब 4,400 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी, जबकि टोरंटो रूट पर प्रीमियम सीटों की क्षमता में 71 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी।

एयरलाइन के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 से 26 मार्च 2027 तक मुंबई और टोरंटो के बीच सप्ताह में तीन दिन नान-स्टाप उड़ानें संचालित की जाएंगी।

इससे दोनों देशों के बीच हर सप्ताह लगभग 2,000 अतिरिक्त सीटें जुड़ेंगी। एअर इंडिया मुंबई और टोरंटो के बीच सीधी उड़ान सेवा देने वाली एकमात्र एयरलाइन होगी।

मुंबई-टोरंटो सेवा बोइंग 777-300ईआर विमान से संचालित होगी। इसमें आठ फर्स्ट क्लास सुइट्स, 40 फ्लैट-बेड बिजनेस क्लास सीटें और 280 इकोनामी सीटें होंगी।

एयरलाइन का कहना है कि मुंबई और दिल्ली हब के जरिए अहमदाबाद, अमृतसर, बेंगलुरु, चंडीगढ़, चेन्नई, हैदराबाद, कोच्चि, लुधियाना और वडोदरा सहित कई भारतीय शहरों से कनाडा के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

एअर इंडिया ने बताया कि शीतकालीन सत्र में दिल्ली-टोरंटो के बीच संचालित होने वाली 10 साप्ताहिक उड़ानों में से सात उड़ानें नए बोइंग 787-9 विमान से संचालित की जाएंगी। शेष तीन उड़ानें फिलहाल बोइंग 777-300ईआर से संचालित होंगी, जिन्हें जनवरी 2027 से नए बोइंग 787-9 में बदल दिया जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com