कुरुक्षेत्र: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार अब लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत देने के साथ-साथ योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने का काम कर रही है। अंत्योदय मेले केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का अभियान हैं। सरकार का प्रयास है कि पात्र लोगों को उनकी जरूरत और क्षमता के अनुसार विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री रविवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा स्थित इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज में आयोजित अंत्योदय मेले में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना। इसके बाद उन्होंने लाडवा के गोविंदपुरा निवासी ताराचंद को स्ट्रीट वेंडर निधि योजना के तहत अलॉटमेंट लेटर सौंपा।
युवाओं से नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें केवल सरकारी नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार देने वाला बनने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए उनके साथ खड़ी है और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की सराहना
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के लिए प्रेरणा का माध्यम बन चुका है। इसके जरिए देश के अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की प्रतिभा और प्रयासों को पूरे देश के सामने लाया जाता है। इससे युवाओं, किसानों, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को मेहनत, नवाचार और समाजसेवा के लिए प्रेरणा मिलती है।
सरकार खुद पहुंच रही गरीबों के द्वार
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों और सरकार के बीच की दूरी को कम करना है। अब केवल आवेदन लेकर फाइलों तक सीमित रहने के बजाय पात्र परिवारों की आय, क्षमता और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उन्हें उचित योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिले और वे आत्मनिर्भर बन सकें।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि लाडवा पहुंचने से पहले यमुनानगर में नशे के खिलाफ एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नशा विरोधी मैराथन भी करवाई गई। उन्होंने कहा कि युवा देश की शक्ति हैं और उन्हें नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। साथ ही उन्होंने समाज के सभी वर्गों से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को मजबूत करने की अपील की।
देश की रक्षा में जवानों के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने कारगिल विजय दिवस का उल्लेख करते हुए देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जब देशवासी अपने घरों में सुरक्षित रहते हैं, उस समय जवान कठिन परिस्थितियों में सीमाओं पर डटकर देश की रक्षा करते हैं। उनका जीवन राष्ट्र को समर्पित है और पूरा देश उनके बलिदान का ऋणी है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से देश के लिए समर्पण और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal