जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन शुरू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन चलाने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया। उद्घाटन के पहले दिन ट्रेन में जींद से 270 यात्रियों ने यात्रा की, जिनमें लगभग 200 स्कूली विद्यार्थी शामिल थे। ट्रेन रवाना होते समय रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारे लगाकर खुशी व्यक्त की। ट्रेन के संचालन की जिम्मेदारी जींद मुख्यालय में तैनात लोको पायलट राजेश कुमार और वरिष्ठ सहायक लोको पायलट गगनदीप सिंह को सौंपी गई थी। गगनदीप सिंह ने बताया कि उन्हें चेन्नई से आए विशेषज्ञों ने विशेष प्रशिक्षण दिया था।

रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज का दिन भारत के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है क्योंकि देश ने हाइड्रोजन आधारित रेल तकनीक के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि भारत अब उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो गया है, जिन्होंने हाइड्रोजन से संचालित ट्रेनों के लिए आवश्यक संपूर्ण तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र विकसित कर लिया है। जींद में स्थापित हाइड्रोजन उत्पादन संयंत्र इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस संयंत्र में पानी से इलेक्ट्रोलिसिस प्रक्रिया के माध्यम से हाइड्रोजन तैयार की जाती है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा प्राप्त होती है और किसी प्रकार का प्रदूषण या हानिकारक उत्सर्जन नहीं होता।

यह तकनीक पर्यावरण संरक्षण और हरित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल ने अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है। वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक ट्रेनों का संचालन, रेलवे स्टेशनों का व्यापक पुनर्विकास, रेल पटरियों का आधुनिकीकरण तथा अब हाइड्रोजन ट्रेन जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का समावेश इस परिवर्तन की स्पष्ट झलक है।

सोनीपत से बिना यात्रियों के लौटी ट्रेन

उद्घाटन यात्रा के बाद ट्रेन सोनीपत से शाम को बिना यात्रियों के जींद लौटी। वापसी के दौरान कुछ यात्रियों के ट्रेन में चढ़ने पर उन्हें उतार दिया गया, क्योंकि अभी नियमित यात्री सेवा का शेड्यूल लागू नहीं हुआ है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ट्रेन का नियमित संचालन शुरू किया जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com