अमेरिकी दूतावास ने शुक्रवार को बताया कि भारतीय नौसेना को एक और एमएच-60आर सीहॉक हेलिकॉप्टर मिल गया है। यह हेलिकॉप्टर पिछले सप्ताह कोच्चि पहुंचा। दो और हेलिकॉप्टर जल्द भारत पहुंचने वाले हैं, जो भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी के लगातार मजबूत होने का संकेत है।
अमेरिकी दूतावास ने एक्स पर लिखा-एक और एमएच-60आर सीहॉक हेलीकॉप्टर भारत पहुंचा! लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित यह अत्याधुनिक सुविधाओं वाला हेलिकॉप्टर पिछले सप्ताह कोच्चि में भारतीय नौसेना को सौंपा गया था। दो और हेलिकॉप्टर इस सप्ताह आ रहे हैं।
अमेरिका-भारत रक्षा साझेदारी को मजबूत होते देखकर खुशी हो रही है। बताते चलें, भारत ने फरवरी 2020 में अमेरिका के साथ 24 सीहॉक हेलिकॉप्टर खरीदने का समझौता किया था।
एमएच-60आर सीहॉक, ब्लैकहॉक हेलिकॉप्टर का समुद्री संस्करण है। यह हर मौसम में काम करने वाला हेलिकॉप्टर है, जिसे अत्याधुनिक एवियोनिक्स और सेंसर के साथ कई तरह के मिशन में मदद करने के लिए डिजाइन किया गया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal