वियतनाम नाव हादसा: लापरवाही बनी 15 भारतीय पर्यटकों की मौत की वजह

वियतनाम के मशहूर ‘फू कुओक द्वीप’ के पास शनिवार को हुए एक दर्दनाक हादसे ने वियतनाम के साथ-साथ पूरे भारत को झकझोर कर रख दिया। यहां पर्यटकों से भरी एक तेज रफ्तार नाव समुद्र में पलट गई, जिससे उसमें सवार 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई।

ऐसे में इस मामले में कार्रवाई करते हुए वियतनाम पुलिस ने रविवार को स्पीडबोट के 57 वर्षीय कैप्टन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि कैप्टन ने समुद्री सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया, जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हुआ।

खराब मौसम में हुआ हादसा
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, जब यह हादसा हुआ तब समुद्र में ऊंची और तेज लहरें उठ रही थीं, हालांकि बारिश नहीं हो रही थी। इलाके में अन्य नावें भी चल रही थीं, लेकिन लहरों के थपेड़ों के कारण यह स्पीडबोट खुद को संभाल नहीं पाई और पलट गई।

वहीं घटना को देखने वाले एक स्थानीय व्यक्ति हा वान लोक ने बताया कि उन्होंने पलटी हुई नाव के निचले हिस्से को पकड़े हुए करीब एक दर्जन लोगों को देखा। वहीं, कई लोग बिना लाइफ जैकेट के समुद्र की लहरों में बह रहे थे।

बाकी लोगों की कैसे बची जान, समझिए
इस बात को ऐसे समझिए कि लोगों को नाव के भीतर दबा देख चश्मदीद लोक और उनके साथियों ने तुरंत अपनी नाव से रस्सियों में बंधी लाइफबॉय फेंकी और कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में जेट स्की की मदद से बाकी बचे लोगों को किनारे तक लाया गया।

पीड़ितों को भारत भेजने की तैयारी
गौरतलब है कि हनोई में भारतीय दूतावास ने रविवार को बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी 15 भारतीय पर्यटकों के शवों को ‘हो ची मिन्ह सिटी’ ले जाया गया है, जहां से उन्हें भारत वापस भेजा जाएगा।

दूतावास के मुताबिक, बचाए गए 17 भारतीय पर्यटकों में से 16 लोग भारत वापस लौट रहे हैं। वहीं, एक पर्यटक की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनका फू कुओक के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com