प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे चीन से इस वक्त दो बेहद डराने वाली खबरें सामने आ रही हैं। एक तरफ जहां उत्तर-पश्चिमी चीन में हुए भीषण भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है, वहीं दूसरी तरफ गुआंग्शी क्षेत्र में बाढ़ के पानी के साथ सैकड़ों खतरनाक सांप रिहायशी इलाकों में फैल गए हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
बाढ़ के पानी में बहे 800 सांप
बता दें कि चीन में टायफून ‘मायसैक’ के कारण गुआंग्शी क्षेत्र में आई बाढ़ अब एक नया और अनोखा खतरा लेकर आई है। स्थानीय समाचार एजेंसी ‘होंगक्सिंग’ के मुताबिक, हेंगझोउ के एक गांव में बाढ़ का पानी घुसने से एक स्नेक फार्म पूरी तरह डूब गया।
इस हादसे के कारण फार्म से 800 से ज्यादा सांप आजाद होकर बह गए और आसपास के गांवों में फैल गए हैं। ऐसे में प्रशासन अब बाढ़ के साथ-साथ इन सांपों से निपटने की दोहरी चुनौती का सामना कर रहा है।
भूस्खलन में 21 लोगों ने गंवाई जान
चीन की सरकारी मीडिया के अनुसार, गांसु प्रांत के लोंगनान शहर में मंगलवार सुबह करीब 7 बजे अचानक हुए भूस्खलन की वजह से भारी तबाही हुई। मिट्टी के मलबे में कुल 33 लोग जिंदा दफन हो गए थे।
बुधवार सुबह तक चले कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बेहद दुखद बात यह रही कि इनमें से 21 लोगों की मौत हो चुकी थी। हालांकि राहत की खबर है कि मलबे से निकाले गए लोगों में से 5 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि 7 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
भूस्खलन के कारणों की जांच जारी
रिपोर्टस की माने तो फिलहाल इस भूस्खलन के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। सरकारी टीवी चैनल ‘सीसीटीवी’ द्वारा जारी तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आसमान बिल्कुल साफ और धूप खिली हुई है, जिसके बीच रेस्क्यू टीमें और तीन बड़ी जेसीबी मशीनें मलबे को हटाने के काम में जुटी हुई हैं। प्रशासन अब घटना के कारणों की जांच कर रहा है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal