जालंधर: पंजाब-हरियाणा, चंडीगढ़ सहित उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर से करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने आज यानी 5 जुलाई के लिए दोनों राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आंधी-तूफान, बिजली चमकने और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 6 जुलाई से मानसून और सक्रिय होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने 6 से 8 जुलाई तक दोनों राज्यों के कई जिलों में भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। शनिवार को पंजाब के कई हिस्सों में हलकी से मध्यम बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब में सबसे अधिक 38.9 डिग्री सैल्सियस तापमान अबोहर में रिकॉर्ड किया गया। वहीं हरियाणा में सबसे अधिक 38.5 डिग्री सैल्सियस तापमान सिरसा में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। वहीं 6 जुलाई से भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है, जो 8 जुलाई तक जारी रह सकता है। इसे देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal