दक्षिण-पश्चिम मॉनसून गुरुवार देर रात दिल्ली पहुंच गया। इस बार मानसून तय समय 27 जून से पांच दिन देरी से आया है, लेकिन आते ही जोरदार बारिश की। इस बारिश ने हफ्तों से जारी उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है, वहीं मुंबई और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में आफत की बारिश शुरू हो गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि मानसून अब दिल्ली-एनसीआर और उत्तर-पश्चिमी भारत के बड़े हिस्सों में फैल गया है। वहीं, अगले कुछ दिनों तक महाराष्ट्र, गोवा, कोंकण, दक्षिण गुजरात और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है।
उत्तराखंड में आज भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मौसम विभाग ने आज भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। भारी बारिश के चलते संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और नदी-नालों में उफान आने की चेतावनी दी गई है।
चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने तथा बिना वजह पहाड़ी रास्तों पर सफर न करने की सलाह दी गई है। एसडीआरएफ को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
दिल्ली एनसीआर में येलो अलर्ट जारी
दिल्ली एनसीआर के लिए शुक्रवार को मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी है। बारिश की वजह से तापमान में काफी गिरावट आई है। बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33°C से 34.8°C के बीच दर्ज किया गया। IMD का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 32°C से 34°C के बीच रहेगा। उत्तर भारत में मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। 1 जुलाई को मानसून ने पूरे हिमाचल प्रदेश को कवर कर लिया, जो सामान्य तारीख 25 जून से छह दिन देरी से हुआ।
IMD के सीनियर साइंटिस्ट डॉ नरेश यादव ने कहा कि मानसून उत्तर की ओर बढ़ता रहेगा और कई राज्यों में बड़े पैमाने पर बारिश करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगले चार से पांच दिनों में कोंकण, गोवा और दक्षिण गुजरात में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने इन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। ओडिशा और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी बहुत भारी बारिश की उम्मीद है।
अगले 48 घंटों में पूरे उत्तर प्रदेश को मानसून कवर कर लेगा
पूर्वी और मध्य यूपी के कई जिलों में मानसून ने अपनी जोरदार उपस्थिति दर्ज करा दी है। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज में झमाझम बारिश हो रही है। पश्चिमी यूपी में भी धूल भरी आंधी और बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। अगले 48 घंटों में पूरे उत्तर प्रदेश को मानसून कवर कर लेगा।
बिहार में मानसून की रफ्तार
बिहार के अधिकतर जिलों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के जिलों (जैसे चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी) में भारी बारिश और आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चेतावनी जारी की है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे खराब मौसम के दौरान खेतों में जाने से बचें।
मुंबई का हाल: भारी बारिश से थम गई रफ्तार, जनजीवन बेहाल
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून के रौद्र रूप ने एक बार फिर आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मुंबई और उसके उपनगरों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश की वजह से कई निचले इलाकों (जैसे हिंदमाता, सायन और अंधेरी सबवे) में भारी जलभराव हो गया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal