ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स ने अपनी इंटरनेशनल क्रिकेट टीम बदल ली है। अब वह पुर्तगाल के लिए खेलते नजर आएंगे। हेनरिक्स ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 4 टेस्ट, 16 वनडे और 24 T20I मैच खेले हैं। उन्होंने 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का खिताब जिताने में मदद की थी।
जन्म पुर्तगाल में हुआ था
मोइसेस हेनरिक्स पुर्तगाल के लिए खेलेंगे। वह ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2028 के लिए क्वालिफिकेशन में अहम भूमिका निभाने की कोशिश करेंगे। हेनरिक्स का जन्म पुर्तगाल के फंचाल में हुआ था और बचपन में ही वे ऑस्ट्रेलिया चले गए थे। क्वालिफायर के अगले राउंड में जगह बनाने के लिए पुर्तगाल का मुकाबला चेक रिपब्लिक, इजराइल और ग्रीस से होगा। इंग्लैंड और आयरलैंड ने टूर्नामेंट के लिए सीधे क्वालिफाई कर लिया है। यूरोप के पास T20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफिकेशन के दो और स्पॉट हैं।
पूरी दुनिया का ध्यान खींचेंगे
हेनरिकेस ने CODE Sports से कहा, “दुनिया भर में इस खेल के बढ़ने का मौका शायद सिर्फ मेरी पुर्तगाली विरासत की वजह से नहीं है, बल्कि इससे भी ज्यादा जरूरी बात यह है कि यह खेल और दुनिया भर में इसके बढ़ने के मौके हैं। अगर हम दुनिया के 10 या 20 और देशों में लोगों की इस खेल में दिलचस्पी और जुड़ाव को बेहतर बना सकें, तो हम ऐसे क्रिकेट वर्ल्ड कप देख पाएंगे जो पूरी दुनिया का ध्यान खींचेंगे, न कि सिर्फ कुछ पश्चिमी देशों और उपमहाद्वीप का।”
क्या कहता है आईसीसी का नियम
मौजूदा इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) नियमों के तहत हेनरिक्स पुर्तगाल के लिए खेलने के योग्य हो गए हैं। नियमों के अनुसार, किसी एसोसिएट देश से जुड़ने के लिए खिलाड़ियों को अपने आखिरी इंटरनेशनल मैच के बाद तीन साल का समय पूरा करना होता है। ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व क्रिकेटर ने आखिरी बार 2021 में बांग्लादेश के खिलाफ T20I मैच खेला था। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज जो बर्न्स ने भी इटली के लिए खेलने का फैसला किया था।
प्रदर्शन पर एक नजर
हेनरिक्स ने ऑस्ट्रेलिया के लिए सभी फॉर्मेट में कुल 648 रन बनाए और 17 विकेट लिए। उन्होंने 4 टेस्ट की 8 पारियों में 2 अर्धशतक की बदौलत 164 रन बनाए और 2 विकेट भी चटकाए। 16 वनडे में उनके नाम 117 रन और 8 विकेट हैं। इसके अलावा 24 टी20 इंटरनेशनल में इस ऑलराउंडर ने 355 रन ठोकने के साथ ही 7 शिकार किए।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal