रूस के यूक्रेन पर हुए हवाई हमलों में 12 लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए हैं। सोमवार दिन में ये हमले तब हुए जब लोग घरों से बाहर खुले में मौजूद थे। इसलिए इन हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
इस बीच यूक्रेन के हमलों की चपेट में रूस की कई रिफायनरियों, तेल-गैस गोदाम और तेल-गैस पाइपलाइनों के निशाने पर आने से मास्को सहित रूस के शहरों में पेट्रोलियम पदार्थों का संकट पैदा हो गया और निर्यात बाधित हो गया है। रूस ने यूक्रेन के निप्रो शहर पर मिसाइल से हमला किया।
हमले में छह लोग मारे गए और 29 घायल हुए हैं। हमले की चपेट में मिनी बस के आने से इतने लोग मरे और घायल हुए हैं। जबकि यूक्रेन के नियंत्रण वाले जपोरीजिया के हिस्से में रूसी हमलों में तीन लोग मारे गए और आठ घायल हुए हैं। खार्कीव में भी रूसी हमले में एक युवती की मौत हुई है और 10 लोग घायल हुए हैं।
जिन शहरों पर हमले हुए हैं, तीनों ही यूक्रेन के प्रमुख औद्योगिक शहर हैं। इसलिए वहां पर हुए हमलों से यूक्रेन का जान-माल, दोनों का नुकसान हुआ है। यूक्रेन ने आरोप लगाया है कि रूस नागरिक ठिकानों को निशाना बनाकर निर्दोष लोगों को मार रहा है।
जबकि यूक्रेन के रूसी तेल ठिकानों को लगातार निशाना बनाए जाने से रूस की राजधानी मास्को, देश के दक्षिणी भाग और नियंत्रण वाले क्रीमिया में ईंधन का संकट पैदा हो गया है। इन सभी स्थानों पर पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री को सीमित कर दिया गया है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उच्चस्तरीय बैठक में स्थिति को मुश्किल बताया लेकिन यह भी कहा कि जल्द इस स्थिति पर नियंत्रण पा लिया जाएगा। इसके लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal