अबोहर में भाजपा की रैली: आप सरकार पर बरसे हरियाणा के सीएम नायब सैनी

अबोहर की अनाज मंडी में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की तरफ से ओबीसी सर्व समाज रैली का आयोजन किया गया। रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। 

इस दौरान उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी और पूर्व की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन सरकारों के शासनकाल में पंजाब हर क्षेत्र में पिछड़ गया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में पंजाब की जनता भाजपा के साथ चलने के लिए तैयार है और राज्य में भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली से आए लोगों ने पंजाब को लूटने का काम किया है और आम आदमी पार्टी की कथित ईमानदारी की छवि पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को कट्टर ईमानदार बताते थे, वे अब कट्टर भ्रष्टाचारी साबित हुए हैं।

सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य के विकास की पूरी गारंटी दी जाएगी। हरियाणा में जिस प्रकार आधारभूत ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और किसान कल्याण के क्षेत्र में कार्य हुए हैं, उसी प्रकार के विकास कार्य पंजाब में भी करवाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि अबोहर नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत ने पंजाब में पार्टी की संभावनाओं को मजबूत किया है और यह जीत आने वाले विधानसभा चुनावों का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में वर्तमान सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और जनता बदलाव का मन बना चुकी है।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों का केंद्र बिंदु गरीब, किसान, युवा और महिलाओं का सशक्तिकरण है। 

उन्होंने आश्वासन दिया कि पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर नशे की समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे और राज्य को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

इस अवसर पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में केंद्र सरकार ने पंजाब को लगभग 4 लाख 13 हजार करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की, लेकिन यह राशि कहां खर्च हुई, इसका स्पष्ट जवाब राज्य सरकार के पास नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने छह मेडिकल कॉलेज बनाने का वादा किया था, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं हुआ।

ढिल्लों ने कहा कि पंजाब की प्रमुख फसलें गेहूं और धान की खरीद केंद्र सरकार के सहयोग से सुचारू रूप से की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य  दिया जा रहा है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि देश के 22 राज्यों में भाजपा या भाजपा समर्थित सरकार है, जहां विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। पंजाब की जनता भी अब विकास और सुशासन के लिए भाजपा को विकल्प के रूप में देख रही है।

रैली को हरियाणा के मंत्री रणबीर सिंह गंगवा पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ तथा अबोहर के विधायक संदीप जाखड़ ने भी संबोधित किया। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, ओबीसी समाज के प्रतिनिधि, किसान, युवा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पंजाब के राजनीतिक परिदृश्य, विकास, किसान हितों, रोजगार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी राज्य में मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी और पंजाब को विकास की नई दिशा देगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com