काशी आ रहे सीएम योगी: जनकल्याण योजनाओं के महाकुंभ का करेंगे उद्घाटन

सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय काशी दौरे पर शुक्रवार यानी आज शाम 4 बजे आएंगे। यहां वे 19 घंटे रहेंगे। इस दौरान कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में शुक्रवार को जनकल्याण योजनाओं का महाकुंभ आयोजित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन करेंगे। प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र वितरित करेंगे।

मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान सर्किट हाउस में दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना समेत शहर में चल रहे विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। इसके बाद वह बीएचयू में निर्माणाधीन नेशनल एजिंग सेंटर का निरीक्षण करेंगे। शनिवार को मुख्यमंत्री बीएचयू में आयोजित विज्ञान भारती के सातवें राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सांस्कृतिक संकुल में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें कृषि, उद्यान, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, श्रम, हथकरघा, मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी, पंचायती राज, मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास मिशन, सेवायोजन तथा नेडा सहित कई विभाग शामिल होंगे।

‘एक जनपद, एक व्यंजन’ के तहत बनारस की प्रसिद्ध लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता और पान को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत लकड़ी के खिलौने और गुलाबी मीनाकारी के उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com