भारत ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान को फिर खूब खरी-खोटी सुनाई। उसके झूठ, पाखंड और आतंक को पालने-पोसने के दोगलेपन को उजागर किया।
भारत ने पाकिस्तान के उस फैसले की कड़ी निंदा की जिसमें उसने अपनी सीमा के अंदर मौजूद समूहों को ‘फित्ना अल हिंदुस्तान’ कहा है। भारत ने कहा कि यह झूठ और दुष्प्रचार है। पाक सरकार द्वारा फेक नैरेटिव फैलाया जा रहा है।
यूएन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वथानेनी ने ‘अफगानिस्तान में हालात’ पर सुरक्षा परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तानी का सरकारी आदेश जारी करके अपनी सरकारी एजेंसियों को अपनी सीमा के भीतर मौजूद समूहों को ‘फित्ना-अल-हिंदुस्तान’ कहने का निर्देश देना धार्मिक शब्दावली की आड़ में सरकारी तौर पर फैलाई जा रही गलत जानकारी और दुष्प्रचार के अलावा और कुछ नहीं है।
पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल पाकिस्तान सरकार ने बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय सभी आतंकी समूहों और संगठनों को आधिकारिक तौर पर ‘फित्ना-अल-हिंदुस्तान’ करार दिया था।
सरकार ने बिना कोई सुबूत दिए आरोप लगाया था कि ये संगठन भारत के इशारे पर आतंकवाद फैलाते हैं। भारत का कहना है कि हकीकत यह है कि पाक खुद आतंक को पालने-पोसने वाला है और भारत पर अनर्गल आरोप लगाता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal